झारखंड में मानसून ने एक बार फिर कहर बरपाया है। शुक्रवार देर रात से शनिवार दिनभर तक लगातार हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। रांची, जमशेदपुर, चतरा सहित राज्य के ज्यादातर जिले जलमग्न हो गए। रांची में स्वर्ण रेखा और हरमू नदी उफना गई हैं। रूक्का, कांके और हटिया डैम ओवरफ्लो हो गए है। तीनों डैम के गेट खोलने पड़े। राजधानी के 50 से ज्यादा मोहल्लों में घुटने भर पानी जमा हो गया। सैकड़ों घरों में पानी घुसने से लोग घरों में कैद होकर रह गए। भारी बारिश के कारण राज्यभर में 6 लोगों की मौत हो गई। रांची के खरसीदाग ओपी रिंग रोड दसमाईल में एक ऑटो पर विशाल पेड़ गिर गया। इस घटना में ऑटो चालक अश्विन लकड़ा (30) की मौत हो गई। चतरा के इटखोरी के बंथू गांव के कृष्ण सिंह (68) साइकिल से लौट रहे थे, तभी खड़ौनी के पास नहर में बह गए। पत्थलगड़ा के नूनगांव में परमेश्वर साव (70) बकरी चराने के बाद नाले में बह गए। गिद्धौर के कटघरा गांव में रीना देवी (42) और उनके पति सत्येंद्र दागी बह गए थे। करीब 32 घंटे बाद रीना का शव सिमरातरी नदी के पास मिला। वहीं, जमशेदपुर के मनोहरपुर के ढीपा गांव में बारिश से एक घर ढह गया। इसमें गुरुवारी टोपनो (45) की मौत हो गई। टिमरा गांव के पास कोयना नदी में एक व्यक्ति बह गया, हालांकि शव अभी नहीं मिला है। वहीं मुसाबनी के प|ीपाल गांव में लखन हेम्ब्रम के मिट्टी के घर की दीवार गिरने से 35 वर्षीय सालगे किस्कू की मौत हो गई। पिछले 24 घंटे में सबसे ज्यादा 205 एमएम बारिश लातेहार जिले के चंदवा में दर्ज की गई। मौसम विभाग ने अगले 6 दिन भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी है। -पेज 9 भी पढ़ें रांची-गुमला एनएच पर ओवरब्रिज ढहा, 3 घंटे जाम रांची में पिछले 24 घंटे में 120 एमएम बारिश दर्ज की गई। स्वर्णरेखा का पानी कई कॉलोनियों में घुस गया। चुटिया के केतारी बागान इलाके में पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। स्थानीय लोगों ने आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया। नामकुम के अमेठियानगर क्षेत्र में भी स्वर्णरेखा का पानी घरों तक पहुंच गया। धुर्वा में भगवान जगन्नाथ मंदिर का रास्ता धंस गया और मंदिर के पास बना गार्डवाल टूट गया। सुरक्षा कारणों से मंदिर तक वाहनों का प्रवेश रोक दिया गया। तुपुदाना, बसारगढ़ और नामकुम का पूरा क्षेत्र जलमग्न हो गया है। स्थानीय निवासी मनोज मिश्रा ने बताया कि बसारगढ़ और रिवर व्यू कॉलोनी के रोड नंबर 12 में पानी निकासी की व्यवस्था नहीं है। वहीं रोड नंबर 13 नीचे होने के कारण सभी घरों में तीन फीट तक पानी भर गया। रिवर व्यू कॉलोनी स्थित मंदिर भी डूब गया।भारी बारिश से रांची-गुमला एनएच पर नगड़ी में निर्माणाधीन ओवरब्रिज का स्लैब तेज बहाव में धंस गया। ब्रिज में भरा मटेरियल सड़क पर फैल गया, जिससे करीब 3 घंटे तक जाम लगा रहा। मौसम विभाग का यलो अलर्ट रांची में जगन्नाथ मंदिर का रास्ता धंस गया। गार्डवाल टूट गया। तिलैया, चांडिल सहित कई डैमों के गेट खुले, प्रशासन अलर्ट पर भारी बारिश और ओवरफ्लो की स्थिति को देखते हुए चांडिल डैम के 13 में से 11 और गालूडीह बराज के 18 में से 15 गेट खोल दिए गए हैं। ओडिशा के ब्यांगबिल डैम से भी खरकई नदी में पानी छोड़ा गया है। इस वजह से सरायकेला-खरसावां और पूर्वी सिंहभूम प्रशासन अलर्ट मोड में है। कोडरमा के तिलैया डैम के 14 में से आठ गेट खोले गए हैं। हटिया डैम का पानी ओवरफ्लो होकर स्वर्णरेखा नदी में मिला। इससे तुपुदाना, बसारगढ़ सहित नामकुम का पूरा क्षेत्र डूब गया। 24 अगस्त : पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में भारी बारिश की संभावना। रांची, खूंटी, बोकारो, गुमला, सिमडेगा, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में भी कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। 25 अगस्त : ओडिशा-प. बंगाल तट के पास बंगाल की खाड़ी में एक नया लो-प्रेशर एरिया बनने की संभावना। इससे राज्य के पश्चिमी व मध्य जिलों में भारी बारिश होगी। 26 से 29 अगस्त : राज्य के कई जिलों में गर्जन के साथ हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है और वज्रपात की भी संभावना है।
रांची में ऑटो चालक समेत राज्य में 6 की मौत, शहर के 50 मुहल्लों में पानी घुसा, 6 दिन भारी बारिश का अलर्ट
