नवादा में एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर पुलिस ने अवैध बालू उत्खनन से जुड़े अपराधी गोपाल यादव के घर नोटिस चिपकाया है। थाना प्रभारी प्रभा कुमारी ने न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए यह कार्रवाई की है। बता दें कि मामला 26 मार्च 2025 का है जब नारदीगंज थाना क्षेत्र की पंचाने नदी से अवैध बालू खनन करते हुए 12 ट्रैक्टर जब्त किए गए थे। इस संबंध में नारदीगंज थाना में कांड संख्या 130/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस जांच में पाया गया कि गोपाल यादव आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और अक्सर अवैध उत्खनन में शामिल रहता है। उसके डर से स्थानीय लोग गवाही देने से भी हिचकते हैं। उसके विरुद्ध नारदीगंज थाने में पहले से कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने वादी और साक्षियों के बयान का गहन अवलोकन कर समय पर न्यायालय में आरोप पत्र समर्पित किया था। साथ ही अभियुक्त द्वारा अवैध बालू उत्खनन से अर्जित संपत्ति की कुर्की के लिए प्रस्ताव भेजा था। इसी के आधार पर 6 अगस्त 2025 को न्यायालय ने नोटिस जारी किया है। संपत्ति जब्त करने का जारी किया था नोटिस नवादा पुलिस ने अवैध धंधों से अर्जित संपत्ति की कुर्की के लिए कुल 26 प्रस्ताव भेजे हैं। इनमें से 5 प्रस्तावों को न्यायालय ने स्वीकृति दी है और अभियुक्तों को नोटिस जारी किए हैं। न्यायालय ने भारतीय नया दंड संहिता (BNS) 2023 की धारा 107 के तहत अपराध से अर्जित संपत्ति को कुर्क करने का नोटिस पारित किया है। गोपाल यादव के खिलाफ पहले से दर्ज हैं मामले। नारदीगंज थाना कांड संख्या 01/19 दिनांक 01.01.2019 में धारा 147/149/323/308/427/379/504/506/354 के तहत और नारदीगंज थाना कांड संख्या 241/20 दिनांक 22/11/2020 में धारा 341/323/427/504/34 भारतीय दंड विधान एवं 27 आर्मस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।
बालू माफिया के घर पुलिस ने चिपकाया नोटिस:नवादा में अवैध संपत्ति होगी जब्त, 5 महीने पहले 12 ट्रैक्टर पकड़े गए थे
