करनाल जिले में शेरगढ़ के पास रविवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अपने काम से घर लौट रहा था, तभी अचानक सामने नीलगाय आ गई और बाइक उससे टकरा गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच की जा रही है। शेरगढ़ के पास हुआ हादसा गढ़ी बीरबल के रमन (32) लाडवा के सेलर में काम करता था। रविवार रात वह अपनी बाइक पर सवार होकर लाडवा से अपने गांव गढ़ी बीरबल लौट रहा था। जब वह शेरगढ़ के पास पहुंचा, तभी अचानक एक नीलगाय उसकी बाइक के सामने आ गई। इससे बाइक सीधा नीलगाय से टकरा गई और रमन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों की मदद से घायल रमन को करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रमन के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने परिजनों को सौंपा शव सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस में रखवाया। सोमवार को पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। रमन अपने परिवार का कमाने वाला सदस्य था और उसके दो छोटे बच्चे हैं। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
करनाल सड़क हादसे में दो बच्चों के पिता की मौत:नीलगाय से टकराई बाइक; काम से लौटते समय हादसा
