गुरुग्राम में राज्यपाल ने समाज में एकजुटता पर दिया जोर:बंगिया परिषद समारोह का किया शुभारंभ, 5 लाख की दी आर्थिक सहायता

Spread the love

राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने कहा है कि सामाजिक आयोजन समाज में एकजुटता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करते हैं। वे रविवार देर शाम गुरुग्राम स्थित अपैरल हाउस में बंगिया परिषद के स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। राज्यपाल दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और संस्था के कार्यों की सराहना की। राज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि एक संवेदनशील और समावेशी समाज का निर्माण करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। जाति, धर्म या क्षेत्र से ऊपर उठने की कही बात राज्यपाल ने कहा कि ऐसे समाज में जाति, धर्म या क्षेत्र से ऊपर उठकर हर व्यक्ति का कल्याण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। राज्यपाल ने रक्तदान, अंगदान और जरूरतमंद बच्चों को पुस्तकें व वस्त्र उपलब्ध कराने जैसी पहलों को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का सशक्त माध्यम बताया। सामुदायिक संगठनों से आह्वान किया उन्होंने सामुदायिक संगठनों से आह्वान किया कि वे अपनी भूमिका का विस्तार करें। राज्यपाल ने सरकार, प्रशासन, कॉर्पोरेट क्षेत्र और अन्य संस्थाओं के साथ समन्वय बढ़ाने पर जोर दिया, ताकि स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और आपदा राहत जैसे क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर कार्य किया जा सके। 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा उन्होंने यह भी कहा कि सामुदायिक संगठनों को सशक्त बनाकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके। इस अवसर पर राज्यपाल ने बंगिया परिषद को उसकी उल्लेखनीय यात्रा के लिए बधाई दी। उन्होंने अपने कोष से संस्था को 5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की। पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया कार्यक्रम में परिषद के अध्यक्ष मलय नंदी ने राज्यपाल और उनकी पत्नी मित्रा घोष का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। राज्यपाल को स्मृति चिन्ह के रूप में देवी की प्रतिमा भी भेंट की गई। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2006 में स्थापित बंगिया परिषद बंगाल की सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ विभिन्न सामाजिक सेवाओं में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। ब्यातिक्रम”नाटक का मंचन भी किया गया समारोह में ब्यातिक्रम”नाटक का मंचन भी किया गया। दर्शकों ने इस नाटक को खूब सराहा। नाटक का रूपांतरण रुद्रप्रसाद सेन गुप्ता ने किया था, जबकि इसका निर्देशन सोहिनी सेन गुप्ता ने किया। कई लोग रहे मौजूद इस अवसर पर मित्रा घोष, महासचिव शुचिस्मिता, कोषाध्यक्ष संजोय पायने, शुभोसाची घोष, पार्थों डे, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन, एसडीएम संजीव सिंगला और एसीपी विकास कौशिक सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।