केंद्र सरकार द्वारा फ्यूल टैक्स में की गई बढ़ोतरी के बाद हरियाणा में पेट्रोल और डीजल के दामों भी बढ़ गए हैं। प्रदेश के कई शहरों में डीजल की कीमत 90 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई, जबकि पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के करीब पहुंच गया है। हरियाणा में नई कीमतों के अनुसार पेट्रोल और डीजल दोनों के दामों में लगभग 3 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है। इस बढ़ोतरी का सीधा असर आम उपभोक्ताओं, किसानों, परिवहन क्षेत्र और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों पर पड़ने की आशंका है। हरियाणा के प्रमुख शहरों में पेट्रोल की कीमतें 95.77 रुपए थीं, जो बढ़कर अब 98.77 रुपए हो गई हैं। वहीं डीजल 88.19 रुपए प्रति लीडर बिक रहा था, जो अब बढ़कर 91.19 रुपए हो गया है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी क्यों इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है। ईरान और अमेरिका की जंग शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर थे जो अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं। क्रूड की कीमतें बढ़ने से तेल कंपनियां दबाव में थीं। इसलिए कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया है। अगर कच्चे तेल की कीमतों में लंबे समय तक तेजी बनी रहती है तो पेट्रोल-डीजल की कीमतें और भी बढ़ाई जा सकती हैं। अब पढ़िए…रेट बढ़ोतरी पर क्या बोले एक्सपर्ट हरियाणा पेट्रोल डीजल एसोसिएशन के पूर्व प्रधान शमशेर सिंह गोगी ने बताया कि अभी हरियाणा में पेट्रोल पर 19.11% वैट लगता है, जिसके बाद अब हरियाणा में पेट्रोल की कीमतों में 3.50 रुपए की बढ़ोतरी होगी। वहीं, डीजल पर 16.8% वैट लगता है, जिसके बाद अब डीजल की कीमतों में 3.40 रुपए प्रति लीटर बढ़ेंगे। हरियाणा देश में पेट्रोल यूज करने के मामले में 9वें स्थान पर है। जानिए, हरियाणा में इसका क्या असर होगा… केंद्र सरकार की ओर से पेट्रोल और डीजल पर करीब 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी का हरियाणा की इकोनोमिक्स और लाइफस्टाइल पर असर पड़ सकता है। कृषि और इंडस्ट्रियल बेल्ट होने की वजह से हरियाणा में ईंधन की कीमतों का प्रभाव कई क्षेत्रों पर दिखाई दे सकता है। 2 महीने पहले प्रीमियम पेट्रोल के दाम बढ़े हरियाणा में दो महीने पहले पेट्रो कंपनियों ने प्रीमियम पेट्रोल के दामों में 1.89 से लेकर 2.35 रुपए तक की बढ़ोतरी की थी। हरियाणा में करीब 3 हजार फ्यूल पंप हैं। हिंदुस्तान पेट्रोलियम कारपोरेशन (HPC) ने प्रीमियम पेट्रोल के दामों में प्रति लीटर 1.89 रुपए की बढ़ोतरी की थी। वहीं भारत पेट्रोलियम कारपोरेशन (BPCL) ने 2.09 रुपए प्रति लीटर दाम बढ़ाए गए थे। इंडियन ऑयल कारपोरेशन (IOC) ने प्रति लीटर प्रीमियम पेट्रोल के दामों में 2.35 रुपए की बढ़ोतरी की।
हरियाणा में फ्यूल रेट बढ़े, कुरुक्षेत्र में पेट्रोल ₹100 पार:डीजल ₹90 प्लस, दोनों पर 3 रुपए की बढ़ोतरी; एसोसिएशन प्रधान बोले- ₹10 तक बढ़ेंगे
