यूपी में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी है। शुक्रवार सुबह 7 बजे कानपुर में मौसम बदला। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बरेली में बादल छाए हैं। हालांकि, पश्चिमी और पूर्वी यूपी के ज्यादातर जिलों में आज मौसम साफ है। तेज धूप निकली हुई है। गर्मी भी असर दिखाने लगी है। बांदा सबसे गर्म शहर रहा, जहां पारा 45.2 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज 37 जिलों में आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। पिछले दो दिनों में आंधी, तूफान और बारिश ने जमकर तबाही मचाई है। राज्य में 111 लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा 21 मौतें प्रयागराज और 17 मौतें भदोही में हुईं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी इन मौतों पर दुख जताया। सीएम योगी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपए देने का ऐलान किया है। गुरुवार को मुजफ्फरनगर में सबसे ज्यादा 3 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। संभल, शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में 1 से 2 सेमी तक बारिश हुई। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- आज से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने लगेगा। इससे प्रदेश में मौसम साफ होने लगेगा। तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी पड़ेगी। 16 मई से बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में लू चलने और तपिश बढ़ने की संभावना है।
आंधी-बारिश से फसलों को नुकसान, योगी बोले-सरकार जनता के साथ खड़ी बारिश और आंधी से फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। खासकर खीरा, ककड़ी और तरबूज जैसी सब्जी फसलें सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं। सीएम योगी ने गुरुवार को कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार किसानों और जनता के साथ खड़ी है। शासन स्तर से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि जरूरतमंदों तक सहायता समय पर पहुंचे। राहत कार्यों में अफसरों की किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इन जिलों में आज आंधी-बिजली गिरने का अलर्ट
चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, लखीमपुर खीरी, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं। अगले 4 दिन कैसा रहेगा मौसम? मौसम में उतार-चढ़ाव क्यों हो रहा? मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड के पहाड़ों पर मौसम लगातार बदल रहा है। कहीं बर्फबारी तो कहीं बारिश हो रही है। किसी-किसी दिन धूप के साथ मौसम साफ हो जा रहा है। अगले कुछ दिन ऐसे ही उतार-चढ़ाव के आसार हैं। इसका असर यूपी में दिख रहा है। पहाड़ों से आने वाली हवाएं मौसम को ठंडा बनाए हैं। बारिश के अनुकूल सिस्टम तैयार कर रही हैं। यूपी में मानसून में कम बारिश होगी, वजह जानिए जून से सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश में भी सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है। मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. एम महापात्रा ने बताया कि इस साल प्रशांत महासागर में ला नीना जैसी स्थितियां खत्म होकर अल नीनो की ओर बढ़ने के संकेत हैं। जो कम वर्षा का कारण बनेगी। यानी इस साल दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य से कमजोर रहने के संकेत हैं। साथ ही इस साल जनवरी-मार्च में उत्तरी गोलार्ध में बनी कम बर्फ भी मानसून को प्रभावित कर सकती है। —————————– मौसम से जुड़ी हुई ये खबर भी पढ़ें- महाराष्ट्र के 4 शहरों में पारा 45°C पार, राजस्थान में फलोदी सबसे गर्म महाराष्ट्र, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में गुरुवार को तापमान 40°C के पार दर्ज किया गया। महाराष्ट्र का अकोला 45.9°C के साथ देश में सबसे गर्म रहा। जलगांव, वर्धा और अमरावती में भी पारा 45°C के ऊपर दर्ज हुआ। पढ़ें पूरी खबर
कानपुर में बारिश, 37 जिलों में आंधी-बिजली गिरने का अलर्ट:तूफान से मौत का आंकड़ा 111 पहुंचा, बांदा सबसे गर्म, पारा 45 डिग्री पार
