नारनौल में कुछ युवकों ने एक युवक को किडनैप कर उसे खेतों में ले जाकर बुरी तरह पीटा। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसका वीडियो भी बना लिया। आरोपियों का युवक के एक दोस्त से पहले झगड़ा हुआ था और इस युवक ने अपने दोस्त को उनसे छुड़ाया था। इसी बात को लेकर वे उससे रंजिश रखने लगे थे। मारपीट के बाद आरोपी युवक को वहीं छोड़कर फरार हो गए। बाद में उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद आरोपियों ने इंस्टाग्राम पर एक रील भी अपलोड की, जिसमें वे युवक के घर के बाहर डंडे लेकर धमकाते और उसके साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। रील में उन्होंने गाना लगाया- “घणा था शरीफ मां का लाडला, देख ले आज यो अय्याश बन गया। मार गई गरीबी, दूजे मार गए करीबी, होकर तंग आज बदमाश बन गया।” 4 महीने पहले दोस्त से झगड़ा हुआ विशाल सोनी ने बताया कि उसके पिता जुगनू की कुछ साल पहले कैंसर से मौत हो गई थी। वह और उसका भाई देव अलग-अलग दुकानों पर काम कर परिवार का गुजारा चलाते हैं। देव के एक दोस्त का तीन-चार महीने पहले गांधी कॉलोनी निवासी शुभम और गोलू से झगड़ा हो गया था। दोस्त को बचाने पर देव से रंजिश रखी झगड़े के दौरान देव ने बीच-बचाव कर अपने दोस्त को उनसे छुड़ा लिया था। इसी बात को लेकर गोलू और शुभम रंजिश रखने लगे और देव सोनी को पीटने की फिराक में रहने लगे। इसी कारण वे पहले भी मोहल्ले में उनके पुराने घर के आसपास चक्कर काट चुके थे। देव का अपहरण कर अपने साथ ले गए विशाल ने बताया कि रविवार शाम उसका भाई राधा कृष्ण पार्क के पास अपने दोस्तों के साथ खड़ा था। इसी दौरान चार-पांच युवक, जिनमें शुभम और गोलू भी शामिल थे, बाइक और स्कूटी पर वहां पहुंचे और उसके भाई का अपहरण कर उसे जबरन अपने साथ ले गए। झाड़ियों में गिराकर पीटा, वीडियो बनाया इसके बाद बदमाश देव को कुलताजपुर रोड के पास खेतों में ले गए, जहां उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। उसे झाड़ियों में गिराकर पीटा गया और मारपीट का वीडियो भी बनाया गया। इसके बाद आरोपी उसे मरा समझकर वहीं छोड़कर फरार हो गए। दोस्तों के बताने पर भाई बचाने पहुंचा विशाल ने आगे बताया कि देव के दोस्तों ने इस घटना की जानकारी विशाल को दी। इसके बाद वह देव की तलाश करते हुए मौके पर पहुंचा और उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। पुलिस प्रवक्ता बोले- आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करेंगे मामले में पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि युवक के साथ मारपीट का मामला संज्ञान में आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रिंस, गोलू, बेगराज, डूमली को नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच कर जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
नारनौल में किडनैपिंग के बाद युवक की पिटाई,VIDEO:युवकों ने इंस्टाग्राम पर रील अपलोड की, गाना लगाया- तंग होकर आज बदमाश बन गया
