शटर और दीवार के बीच चोर की गर्दन फंसी:6 घंटे लटका रहा, गाजियाबाद में शटर काटकर बाहर निकाला

Spread the love

गाजियाबाद में एक क्लीनिक की दीवार और शटर के बीच चोर फंस गया। चोर क्लीनिक में चोरी करने के लिए छत के रास्ते अंदर घुस रहा था। नीचे उतरते समय वह शटर और कंक्रीट की दीवार के बीच फंस गया। उसकी गर्दन शटर और दीवार के बीच अटक गई। करीब 6 घंटे तक वह उसी हालत में फंसा रहा। शनिवार दोपहर जब डॉक्टर क्लीनिक पर पहुंचे, तब इसकी जानकारी हुई। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम ने पहुंचकर रेस्क्यू किया। शटर काटकर चोर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। मामला इंदिरापुरम थाना क्षेत्र का है। पहले 2 तस्वीरें देखिए…. अब जानिए पूरा मामला… धड़ निकल गया, गर्दन फंस गई पकड़े गए चोर का नाम अभिषेक है। वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 7 बजे वह अभय खंड स्थित एक क्लीनिक में चोरी करने घुस रहा था। शटर के ऊपरी हिस्से में थोड़ी जगह थी। अभिषेक छत पर चढ़ गया। इसी जगह से वह अंदर घुसने लगा। उसका धड़ किसी तरह क्लीनिक के अंदर निकल गया, लेकिन गर्दन शटर और दीवार के बीच फंस गई। उसने बाहर निकलने की काफी कोशिश की। वह छटपटाता रहा, लेकिन निकल नहीं सका। वह उसी हालत में फंसा रह गया। दोपहर करीब 12 बजे डॉक्टर क्लीनिक पहुंचे। उन्होंने देखा कि शटर के पास चोर फंसा है। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची। साथ में फायर ब्रिगेड की टीम भी बुलाई गई।
शटर काटकर चोर को निकाला घटना की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने विशेष उपकरणों की मदद से सावधानीपूर्वक शटर को काटा। इसके बाद युवक की गर्दन को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पूरे रेस्क्यू के दौरान टीम ने पूरी सतर्कता बरती, ताकि उसे कोई अतिरिक्त चोट न पहुंचे। रेस्क्यू के बाद चोर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सीएफओ राहुल पाल ने बताया- शनिवार दोपहर करीब 1 बजे वैशाली फायर स्टेशन को सूचना मिली थी कि एक क्लीनिक के शटर और दीवार के बीच युवक फंसा हुआ है। सूचना पर दमकल टीम मौके पर पहुंची।युवक का आधा शरीर अंदर और आधा बाहर की तरफ अटका था। टीम ने शटर को तोड़कर युवक को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस के हवाले कर दिया।
———————— ये खबर भी पढ़िए- मिर्जापुर में मॉर्निंग वॉक पर वकील की हत्या, VIDEO:2 हमलावर आए, सीने पर गोली मारी; लोग पकड़ने दौड़े तो तमंचा ताना मिर्जापुर में शनिवार सुबह 7.15 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले सीनियर वकील की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो हमलावर बाइक से आए। उन्हें रास्ते में रोका और सीने में तमंचा सटाकर गोली मार दी। खून से लथपथ वकील जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पूरी वारदात CCTV में रिकॉर्ड हो गई। पढ़ें पूरी खबर….