सोनिया मर्डर केस में आज हो सकता है खुलासा:हिसार से दिल्ली तक पीछा करती हुई पहुंची पुलिस, सामाजिक संगठन निकालेंगे कैंडल मार्च

Spread the love

हिसार शहर के सेक्टर 13 में शुक्रवार (1 मई) को हुए टीचर सोनिया मर्डर मामले में पुलिस के हाथ आरोपी के गिरेबां तक पहुंच गए हैं। पुलिस मामले में जल्द खुलासा कर सकती है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सौरभ हिसार से दिल्ली ट्रेन से गया, उसकी हिसार रेलवे स्टेशन पर फुटेज मिली है। इसके बाद पुलिस ने एक-एक कर फुटेज खंगाली, तो पता चला है कि वह दिल्ली तक पहुंच गया। वहीं सौरभ ने अपनी ही पत्नी का क्यों मर्डर किया हर कोई इस सवाल का जवाब ढूंढ रहा है। सौरभ की गिरफ्तारी के बाद ही इसका जवाब मिल सकता है। हालांकि सोनिया के परिजनों ने इसे घरेलू कलह के चलते किया गया मर्डर बताया है। वहीं यह भी जानकारी सामने आई है कि सौरभ मर्डर से पहले कानूनी राय भी ले रहा था। वह मर्डर से पहले कोर्ट में वकीलों के पास भी आता-जाता रहा है। डीएसपी बोले- आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा डीएसपी किशोरी लाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की है और कहा कि इस जघन्य घटना में शामिल आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। मामले में त्वरित खुलासे के लिए 6 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार छापेमारी, तकनीकी विश्लेषण एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ जारी है। हिसार पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि किसी के पास घटना से संबंधित कोई भी सूचना हो तो तुरंत पुलिस को सांझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्ण रूप से गोपनीय रखी जाएगी। यहां जानिए कैसे हुई सोनिया की हत्या… शादी के बाद रिश्ते ठीक नहीं रहे: टीचर सोनिया (36) की 10 साल पहले सेक्टर- 13 के सौरभ आनंद से शादी हुई थी। दोनों की एक 8 साल की बेटी भी है। सोनिया के परिजनों का कहना है कि शादी के बाद से ही दोनों के रिश्ते ठीक नहीं थे। ससुराल वाले अक्सर सोनिया को परेशान करते रहते थे। एक मई को भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। फोन नहीं उठाने पर भाई पहुंचा ससुराल : सोनिया के भाई सौरभ ने बताया कि सोनिया फोन नहीं उठा रही थी, 4 बजे उसने फोन किया था। कुछ देर बाद उसके पति सौरभ का नंबर भी स्विच ऑफ मिला। चिंता होने पर वह सेक्टर-13 स्थित उसके घर पहुंचा। वहां पीछे के कमरे में सोनिया का शव पड़ा मिला, शव के पास खून पड़ा था। मैंने नब्ज चेक की, तो वह मर चुकी थी। उसकी छाती में प्रेस घोंपी हुई थी। गले पर भी निशान थे। जेठ-जेठानी ऊपर वाले फ्लोर पर थे: सौरभ ने बताया कि सोनिया के जेठ और जेठानी ऊपर वाले फ्लोर पर थे, उसकी सास दूसरे कमरे में थी। मैंने बाहर खड़े अपने दोस्त को बताया, तो वह तुरंत पुलिस लेकर आया। सौरभ ने आरोप लगाया कि सोनिया के पति सौरभ, उसके भाई, भाभी और मां ने मिलकर ही सोनिया की हत्या की है। शादी के 4 महीने बाद परेशान करने लगा: सोनिया की बड़ी बहन शालू ने बताया कि जब सोनिया का रिश्ता तय हुआ, तब भी हमारे माता-पिता किराए के मकान में रहते थे और आज भी वहीं स्थिति है। सौरभ का परिवार अक्सर ताने देता था कि वह मायके से कुछ नहीं लाई। शादी के चार महीने बाद से ही सौरभ उसे परेशान करने लगा था।