करनाल में व्यक्ति से मांगी 30 लाख की फिरौती:परिवार को मारने की धमकी, पुलिस को सौंपी कॉल हिस्ट्री और वॉयस रिकॉर्डिंग

Spread the love

करनाल जिले के घरौंडा क्षेत्र के एक गांव में रहने वाले व्यक्ति को इंटरनेशनल नंबर से कॉल कर 30 लाख रुपए की फिरौती मांगने और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। देर रात आए फोन कॉल के दौरान आरोपी ने परिवार की पूरी जानकारी होने का दावा किया और डराने के लिए पहले भी गांव में गोली चलवाने की बात कही। पीड़ित ने कॉल हिस्ट्री और वॉयस रिकॉर्डिंग के आधार पर पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रात डेढ़ बजे आया पहला फोन शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मिट्टी का काम करता है और उसके पास तीन डंपर हैं। इसके अलावा वह खेतीबाड़ी भी करता है। उसके दो बेटे हैं, जिनमें बड़ा बेटा कनाडा में रहता है और छोटा बेटा पढ़ाई कर रहा है। शिकायत के अनुसार 1 व 2 मई की आधी रात करीब 2 बजे उसके मोबाइल नंबर पर इंटरनेशनल नंबर से बार-बार कॉल आई। जब उसने फोन उठाया तो दूसरी तरफ एक युवक बोल रहा था। परिवार की पूरी जानकारी हासिल फोन करने वाले आरोपी ने शिकायतकर्ता को धमकाते हुए कहा कि उसे उसके पूरे परिवार की जानकारी है। उसने बताया कि उसका एक बेटा कनाडा में है और दूसरा घर पर है। आरोपी ने कहा कि उसका घर गांव से बाहर है और उसकी हर गतिविधि पर उसकी नजर है। आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि अगर 30 लाख रुपए नहीं दिए, तो वह पूरे परिवार को खत्म करवा देगा। साथ ही धमकी दी कि उसके पास पूरी सीआईडी जानकारी है और कुछ दिन पहले गांव में गोली भी उसी ने चलवाई थी। सुबह फोन कर पैसे का इंतजाम करने को कहा पीड़ित ने बताया कि रात किसी तरह परिवार के साथ सो गया, लेकिन 2 मई की सुबह करीब 10:35 बजे फिर उसी नंबर से कॉल आई। इसके बाद 10:42 बजे दोबारा फोन कर आरोपी ने कहा कि पैसों का इंतजाम कर ले, वह रात को फिर कॉल करके बताएगा कि पैसे कहां और किसे देने हैं। आरोपी ने धमकी दी कि अगर पुलिस या किसी अन्य व्यक्ति को इस बारे में बताया तो पूरे परिवार को खत्म कर दिया जाएगा और किसी को कुछ पता भी नहीं चलेगा। परिवार में दहशत, सुरक्षा की लगाई गुहार लगातार मिल रही धमकियों से शिकायतकर्ता और उसका परिवार काफी डरा हुआ है। उसने पुलिस से गुहार लगाई है कि आरोपी और उसके साथियों को जल्द से जल्द पकड़कर सख्त कार्रवाई की जाए और उसके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस मामले में घरौंडा थाना में आज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर देवेंद्र को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है।