गुरुग्राम में सेक्टर-63A स्थित लग्जरियस सोसाइट अनंतराज एस्टेट के फ्लैट में आग के मामले को लेकर रेजिडेंट्स ने प्रदर्शन किया। रेजिडेंट्स ने अनंतराज बिल्डर और मेंटेनेंस कंपनी पर लापरवाही और अधूरी सुविधाएं देने के गंभीर आरोप लगाए। रेजिडेंट्स ने हाथ में जले हुए फ्लैटों के फोटो हाथ में लेकर बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी कर अपना रोष जताते हुए कहा कि करोड़ों रुपए में खरीदे आलिशान फ्लैट्स में 500 परिवार डर के साये में रहने को मजबूर हैं। उन्होंने कि बिल्डर ने उन्हें धोखा दिया है। लोगों ने अब प्रभावित फ्लैट मालिकों को फौरी तौर पर दूसरा फ्लैट देने और उचित मुआवजा देने की मांग की है। पीड़ित परिवारों ने इस मामले में पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। आग का तांडव और सिस्टम की नाकामी पीड़ित अंकित सेठी ने बताया कि खराब बिजली फिटिंग की वजह से शॉर्ट सर्किट हो गया। आग लगने पर फ्लैट में सात माह की गर्भवती मेड, बुजुर्ग मां, छोटे बच्चे और वाइफ अंदर फंस गई। हमने वहां लगे फायर हाइड्रेंट और अग्निशमन उपकरणों का रुख किया, लेकिन वे महज ‘शो-पीस’ साबित हुए। बिल्डर के सारे फायर फाइटिंग इक्विपमेंट फेल थे। इनमें न पानी का प्रेशर था, न पाइप काम कर रहे थे। जिस सिस्टम के भरोसे हम चैन की नींद सोते थे, उसने ऐन वक्त पर जवाब दे दिया। इसी लापरवाही के कारण मेरा फ्लैट पूरी तरह जलकर राख हो गया। पाई-पाई जोड़कर घर खरीदा था अग्निकांड की शिकार वैशाली ने जो कहानी बताई, वो किसी का भी दिल दहला देने वाली है। उन्होंने बताया कि हमने अपनी जिंदगी की पाई-पाई जोड़कर यह घर खरीदा था। सोचा था सुरक्षित रहेंगे। लेकिन बिल्डर की अनदेखी ने सब कुछ स्वाहा कर दिया। आज घर रहने लायक नहीं बचा है और हमें पड़ोसियों के घर शरण लेनी पड़ रही है। बिल्डर प्रबंधन की तरफ से कोई राहत नहीं हैरानी की बात यह है कि इतना बड़ा हादसा होने के बावजूद बिल्डर प्रबंधन की ओर से न तो कोई राहत दी गई है और न ही पीड़ित परिवारों की सुनवाई हो रही है। बिल्डर की इस संवेदनहीनता ने रेजिडेंट्स के घावों पर नमक छिड़कने का काम किया है। फायर ब्रिगेड के लिए रास्ता तक नहीं फ्लैट मालिक गोपाल ने बताया कि हादसे के दौरान एक और गंभीर सच सामने आया। जब आग बेकाबू हो गई तो फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। लेकिन जब दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, तो उन्हें फ्लैट तक पहुंचने का रास्ता ही नहीं मिला। बिल्डर ने नियमों को ताक पर रखकर निर्माण किया है, जिससे आपातकालीन स्थिति में भारी वाहन अंदर नहीं आ सकते। बिजली का पूरा सिस्टम ही शॉर्ट सर्किट राहुल ने बताया कि यहां सिर्फ आग का डर नहीं है, बल्कि बिजली का पूरा सिस्टम ही शॉर्ट सर्किट का शिकार है। वोल्टेज फ्लक्चुएशन और घटिया वायरिंग की वजह से हर दिन किसी न किसी फ्लैट में शॉर्ट सर्किट होता है। आज मेरे फ्लैट का एसी भी इसी वजह से जल गया। फायर बम पर सोसाइटी रेजिडेंट्स ने बताया कि यह सोसाइटी एक फायर बम पर है, जहां कभी भी बड़ी जनहानि हो सकती है। निवासियों का कहना है कि वे कई बार मेंटेनेंस एजेंसी को इन समस्याओं के बारे में लिख चुके हैं, लेकिन हर बार उनकी शिकायत पर सुनवाई नहीं होती है। चुप नहीं बैठेंगे रेजिडेंट्स प्रदर्शन कर रही वर्षा और अन्य महिलाओं ने कहा कि अब वे चुप नहीं बैठेंगे। यहां करीब 500 परिवार रहते हैं। आज दो घर जले हैं, कल किसी की जान भी जा सकती है। बिल्डर को इसकी जिम्मेदारी लेनी होगी। अगर उन्हें सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़े तो वे ऐसा भी करेंगी। रेजिडेंट्स की मांग पीड़ित परिवार को दूसरा नया फ्लैट दिया जाए हादसे से हुए आर्थिक नुकसान की शत-प्रतिशत भरपाई बिल्डर करें। पूरी सोसाइटी के फायर सेफ्टी और इलेक्ट्रिकल ऑडिट की निष्पक्ष जांच लापरवाही बरतने वाले मेंटेनेंस अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई ये हैं अनंतराज सोसाइटी के मालिक मैनेजर ने लिखकर दिया लापरवाही से आग लगी रेजिडेंट्स ने बताया कि जब प्रोजेक्ट मैनेजर रोहित सपरा से बात की गई तो पहले तो वह मान ही नहीं रहा था कि उनकी गलती से आग लगी है, लेकिन जब उसे वीडियो और फोटो दिखाए तो वह मान गया कि उनकी लापरवाही से आग लगी, जिसे बुझाया नहीं जा सका। हालांकि बिल्डर या मेंटिनेंस एजेंसी की तरफ से इस पूरे मामले को लेकर चुप्पी है और कोई अधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
गुरुग्राम की अनंतराज सोसाइटी में फायर सिस्टम फेल:रेजिडेंट्स का प्रदर्शन, बोले- बिल्डर की लापरवाही से लोगों की जान दांव पर
