लखनऊ के नरही स्थित विद्या मंदिर गर्ल्स हाईस्कूल का ताला बुधवार यानी 10 जून सुबह 10 बजे खोला जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि पुलिस स्कूल का ताला खुलवाकर परिसर को विद्यालय प्रबंध समिति के सुपुर्द करेगी। इसके बाद स्कूल में सामान्य कामकाज शुरू हो सकेगा और ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 1 जुलाई से छात्राएं इसी विद्यालय में पढ़ाई कर सकेंगी। एडीएम कोर्ट ने वापस लिया पुराना आदेश एडीएम कोर्ट ने सोमवार को DIOS की ओर से उपलब्ध कराई गई पत्रावलियों का निरीक्षण करने के बाद विद्यालय प्रबंधन की अर्जी स्वीकार कर ली थी। कोर्ट ने अपना पूर्व आदेश वापस लेते हुए विद्यालय प्रबंधन को तत्काल कब्जा दिलाने के निर्देश जारी किए थे। शुल्क मांगने का आरोप, अधिकारियों ने लिया संज्ञान विद्यालय की मैनेजर संतोष रस्तोगी, प्रधानाचार्या रश्मि यादव और अन्य शिक्षिकाएं मंगलवार को ताला खुलवाने के लिए अधिकारियों के कार्यालयों के चक्कर लगाती रहीं। उन्होंने एडीएम, डीआईओएस और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की। प्रबंधन की ओर से आरोप लगाया गया कि स्कूल के पास स्थित चौकी प्रभारी ने ताला खुलवाने के लिए पुलिस फोर्स का शुल्क जमा कराने की बात कही थी। इस शिकायत पर अधिकारियों ने संज्ञान लेते हुए स्पष्ट किया कि सहायता प्राप्त विद्यालय होने के कारण किसी प्रकार का शुल्क जमा कराने की आवश्यकता नहीं है। ये है पूरा मामला वर्ष 1936 से संचालित नरही स्थित इस विद्यालय को किरायेदारी विवाद के मामले में एडीएम पूर्वी की अदालत ने 21 अप्रैल को विद्यालय पक्ष को सुने बिना परिसर खाली करने का आदेश दिया था। इसके बाद 4 जून को पुलिस की मौजूदगी में स्कूल खाली कराया गया था। कार्रवाई के दौरान विद्यालय के अभिलेख, फर्नीचर, पंखे, कंप्यूटर और अन्य शैक्षिक सामग्री बाहर निकाल दी गई थी। इस घटना के विरोध में छात्राओं ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री से स्कूल का ताला खुलवाने की मांग की थी। मामले में समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा और माध्यमिक शिक्षक संघ एकजुट के प्रदेश अध्यक्ष सोहन लाल वर्मा समेत कई लोगों ने विद्यालय के समर्थन में आवाज उठाई थी। सुबह 10 बजे होगी कार्रवाई डीआईओएस देवेंद्र कुमार पांडेय के अनुसार, बुधवार सुबह 10 बजे पुलिस की मौजूदगी में विद्यालय का ताला खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि सहायता प्राप्त स्कूल होने के कारण विद्यालय प्रबंधन से पुलिस फोर्स के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा और इस संबंध में पुलिस अधिकारियों से बात हो चुकी है।
बाल विद्या गर्ल्स स्कूल का 10 जून को खुलेगा ताला:स्कूल प्रबंधन को फिर सौंपा जाएगा कब्जा, लखनऊ एडीएम कोर्ट के नए आदेश पर होगी कार्रवाई
