बागपत में टेंट कारोबारी और इकलौते बेटे की हत्या, VIDEO:दुकान में घुसकर गोलियां मारीं; 6 महीने पहले शादी हुई थी, पत्नी प्रेग्नेंट

Spread the love

बागपत में टेंट कारोबारी और उनके 30 साल के इकलौते बेटे की मंगलवार की शाम 5:50 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो बाइक से तीन बदमाश कारोबारी की दुकान पर पहुंचे थे। एक बदमाश ने देखा कि दुकान के अंदर कारोबारी और उनका बेटा बैठा है। बदमाशों ने पिस्टल से दोनों पर दनादन फायरिंग कर दी। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। बीच बाजार गोली चलने से लोग दौड़े। यह देख बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे। इसी दौरान एक राहगीर को भी गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने राहगीर और कारोबारी पिता व बेटे को अस्पताल पहुंचाया। जहां पिता-बेटे को मृत घोषित कर दिया गया। कारोबारी के बेटे की 6 महीने पहले शादी हुई थी। पत्नी दो महीने की गर्भवती है। अब परिवार में सिर्फ सास-बहू बची हैं। दोनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने बदमाश वरुण लुहारी और उसकी गैंग पर हत्या का आरोप लगाया है। डबल मर्डर से गुस्साए व्यापारियों ने बड़ौत बाजार बंद करा दिया और दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। उन्होंने कहा, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी हो और कड़ी कार्रवाई की जाए। मामला बढ़ता देख एसपी खुद मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार और व्यापारियों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। घटना की तस्वीरें देखिए… अब सिलसिलेवार पूरी घटना जानिए… विकास की दिसंबर, 2025 में हुई थी शादी बड़ौत के रहने वाले सोहनलाल अग्रवाल (50) टेंट का कारोबार करते हैं। उनकी बड़ौत बस अड्‌डे के पास दुकान है। घर में कारोबारी की पत्नी ऊषा (48), इकलौता बेटा विकास (30) और उनकी पत्नी नेहा (28) रहती हैं। विकास की शादी दिसंबर, 2025 में हुई थी। मंगलवार शाम विकास अपने पिता सोहनलाल के पास किसी काम से गए थे। दोनों दुकान के अंदर ही बैठे थे। भीड़ ने दौड़ाकर एक बदमाश को दबोचा शाम 5:50 बजे दो बाइक से तीन बदमाश आए। एक बदमाश ने अपनी कमर से पिस्टल निकाली और दुकान के अंदर झांककर देखा। जैसे ही उसे दुकान के अंदर सोनलाल और विकास दिखाई दिए, वह ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा। एक गोली सोहनलाल के सीने में लगी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। तभी कारोबारी का बेटा भागकर दुकान के बाहर आया और बदमाश से भिड़ गया। विकास पिस्टल छीनने लगा, तभी धोखे से गोली चली और बदमाश भी घायल हो गया। इतनी ही देर में दूसरा बदमाश पीछे से आया और विकास को गोली मार दी। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदारों ने बदमाशों को दौड़ा लिया। दोनों बदमाश फायरिंग करते हुए भागने लगे, जिससे एक गोली एक राहगीर रोहित (35) को लग गई। वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। राहगीर का अस्पताल में इलाज चल रहा है। चचेरे भाई का दावा- लुहारी गैंग के 10 बदमाश आए थे
विकास के चचेरे भाई वरुण अग्रवाल ने बताया, वरुण लुहारी गैंग ने उनके परिवार पर हमला किया है। विकास की शादी महज छह महीने पहले हुई थी। परिवार पर करीब नौ साल पहले भी हमला हुआ था। लेकिन उस समय पुलिस की ओर से कोई सुरक्षा नहीं दी गई। उनका आरोप है कि इस बार भी सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसके चलते बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। वरुण अग्रवाल का कहना है कि घटना में करीब 10 बदमाश शामिल थे और सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। आज रात ही बदमाशों का एनकाउंटर होना चाहिए। नेशनल हाइवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन
दिनदहाड़े हत्याकांड से कारोबारी के परिजनों और व्यापारियों ने दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया। कारोबारी की पत्नी और बहू नेहा भी मौके पर पहुंची थीं। दोनों सड़क पर बैठ गईं और पुलिस से इंसाफ मांगने लगीं। जाम की सूचना पर एसपी सूरज राय मौके पर पहुंचे। एसपी ने परिजनों और व्यापारियों को समझाबुझाकर जाम खुलवाया। 2016 की घटना से शुरू हुई खूनी दुश्मनी
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि सोहनलाल और बदमाश वरुण लुहारी के बीच 2016 से दुश्मनी थी। जिस जगह सोहनलाल की टेंट की दुकान है, उसके बगल तब एक शराब की दुकान थी। वरुण लुहारी शराब लेने दुकान पर आया था। उस वक्त दोनों में किसी बात को लेकर मारपीट हो गई थी। मारपीट में एक युवक की मौत हो गई थी। तब से ही दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी। आरोपियों को पकड़ने के लिए 10 टीमें बनाईं एसपी सूरज राय ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए 10 टीमों का गठन किया गया है और आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा और मामले की गहनता से जांच की जाएगी। एडीजी मेरठ रेंज भानु भास्कर, डीआईजी मेरठ रेंज कलानिधि नैथानी, कमिश्नर मेरठ मंडल के साथ डीएम अस्मिता लाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। एडीजी भानु भास्कर ने परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। ————————————- ये खबर भी पढ़ेंः- पत्नी को पुलिस परीक्षा दिलाने आए पति की हत्या:सहारनपुर में साले ने कनपटी में गोली मारी, 4 महीने पहले लव-मैरिज की थी सहारनपुर में 24 साल के युवक की मंगलवार को गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसके साले ने अपने मामा के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। युवक ने चार महीने पहले अपने गांव की लड़की से लव मैरिज की थी। इससे लड़की के परिवार वाले नाराज थे। युवक पत्नी को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए शामली से सहारनपुर आया था। पढ़ें पूरी खबर….