पुलिसकर्मी ने कार से फॉर्च्यूनर को मारी टक्कर:नशे में धुत मिला, 2 कारें क्षतिग्रस्त; रौब दिखाकर बोला-शराब पीना मेरा अधिकार

Spread the love

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पुलिस कॉन्स्टेबल ने नशे में धुत होकर अपनी रिट्ज कार से सामने जा रही एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस वक्त कॉन्स्टेबल ने ये टक्कर मारी, उस वक्त उसकी कार स्पीड काफी तेज थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि फॉर्च्यूनर करीब 20 फुट तक आगे खिसक गई और फिर आगे चल रही एक अन्य कार से जा टकराई। गनीमत यह रही कि फॉर्च्यूनर में सवार आढ़ती प्रदीप कुमार और उसका ड्राइवर बाल-बाल बच गए, किसी को गंभीर चोट नहीं आई। टक्कर लगने से कॉन्स्टेबल भी सुरक्षित रहा, लेकिन उसकी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद जब लोगों ने कॉन्स्टेबल को गाड़ी से नीचे उतारा तो वह लड़खड़ता दिखा। वर्दी का रौब दिखाने लगा। इस पर लोगों ने उससे पूछा कि कानून का रक्षक होकर ऐसा काम करते हो, जवाब में कॉन्स्टेबल ने कहा कि क्यों पुलिस वाले क्या ऑफ ड्यूटी दारू नहीं पी सकते। शराब पीना उसका अधिकार है। पुलिस ने इस मामले में कॉन्स्टेबल के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया था, जिसे बाद में जमानत मिल गई। सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला… पुलिसकर्मी बोला– शराब पीना उसका अधिकार प्रदीप के मुताबिक, कार की पिछली सीट पर टंगी वर्दी पर “टिंकू” नाम लिखा हुआ था और एक आईडी कार्ड भी मिला। आईडी कार्ड हरियाणा के पिंजौर थाने का था। जब उससे शराब पीकर गाड़ी चलाने को लेकर पूछा गया तो वह उलट कर उनसे ही सवाल करने लगा। कहने लगा कि क्या ऑफ ड्यूटी पुलिस कर्मी शराब नहीं पी सकता है। बताया कि ड्यूटी खत्म हो चुकी है और शराब पीना उसका अधिकार है, उसे कोई नहीं रोक सकता। कुरुक्षेत्र पुलिस ने पकड़ कर थाने ले गई इसके बाद प्रदीप ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को थाने ले जाया गया। इस मामले में थाना इस्माइलाबाद पुलिस ने आरोपी पुलिसकर्मी टिंकू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 281, 125 और 324(4) के तहत केस दर्ज कर लिया है। रात में आरोपी का मेडिकल कराया गया । आरोपी को मिली जमानत इस्माइलाबाद थाने के SHO जगदीश कुमार ने बताया कि घटना के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे जमानत मिल गई। इस मामले की जांच एसआई जसबीर को सौंपी गई है। जांच अधिकारी का कहना है कि जांच के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी। ————————— ये खबर भी पढ़ें… हांसी में ट्रैफिक SHO सस्पेंड:शराब के नशे में एसपी ऑफिस में पहुंच कर किया हंगामा; फोन फेंक की बदतमीजी हांसी में ट्रैफिक एसएचओ प्रेम कुमार को निलंबित कर दिया गया है। उनका निलंबन पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के साथ हुए विवाद के बाद हुआ, जिसमें मेडिकल रिपोर्ट और ड्यूटी को लेकर बहस हुई थी। इस मामले से जुड़ा एक ऑडियो भी सामने आया है। (पूरी खबर पढ़ें)