पंचकूला के पिंजौर-कालका क्षेत्र में प्रेम विवाह से नाराज साले ने अपने जीजा और एक बाइक राइडर को कार से टक्कर मारकर घायल कर दिया। यह घटना बीते दिन रात के समय कैरों ढाबा गांव बसोलां के पास हुई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मोहाली के रहने वाले शिकायतकर्ता राजू ने बताया कि उन्होंने परमिंदर वासी ईशरनगर से प्रेम विवाह किया था। इस विवाह से परमिंदर की मौसी का बेटा गुरप्रीत सिंह ईशरनगर का निवासी नाराज था। राजू के अनुसार, घटना की रात वह कैरों ढाबा पर था, जहां गुरप्रीत सिंह उसे देखकर चला गया। बाइक का कार से किया पीछा राजू ने बताया कि वह बाद में अपने गांव जाने के लिए बारु सिंह (निवासी टांडा मोहाली) की बाइक पर सवार होकर जा रहा थाख् तभी गुरप्रीत सिंह अपनी सफेद रंग की स्विफ्ट कार में तीन-चार अन्य लड़कों के साथ उनके पीछे आ गया। गुरप्रीत सिंह ने तेज रफ्तार में कार चलाते हुए राजू को चोट पहुँचाने की नीयत से पीछे से टक्कर मार दी। एक के पैर में आया फ्रैक्चर टक्कर लगते ही राजू और बारु सिंह सड़क पर गिर गए। राजू को शरीर पर काफी चोटें आईं, जबकि बाइक राइडर बारु सिंह के पैर में फ्रैक्चर हो गया। राजू ने बताया कि वह डर के मारे जंगल में छिप गया, और गुरप्रीत सिंह अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गया। राजू की शिकायत पर स्थानीय थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पंचकूला में साले ने जीजा को कार से कुचला:लव मैरिज से था नाराज, बाइक सवार दोनों युवक घायल
