Tuesday, 15 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

इमरजेंसी बताकर लिफ्ट मांगी, युवकों बनाया शिकार:मोहाली की युवती के खिलाफ केस दर्ज, झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर 57 हजार रुपए और आईफोन छीना

INT News14 September 2026 at 10:05 pm

सड़क किनारे इमरजेंसी का झांसा देकर लिफ्ट मांगना और फिर युवक को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर नकदी व कीमती सामान ऐंठने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। अंबाला के रहने वाले रमाकांत उपाध्याय (36) की शिकायत पर पुलिस ने खरड़ की रहने वाली युवती के खिलाफ बीएनएस की धारा 304(2) और 308(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कैसे युवती ने बनाया शिकार पीड़ित रमाकांत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 1 अगस्त की अपनी दोस्तों गुरप्रीत सिंह और अभय सिंह के साथ चंडीगढ़ घूमने आए थे। अगली यानी 2 अगस्त को दोपहर करीब 2 बजे वे अपनी हुंडई एक्सटर कार से सेक्टर-26, चंडीगढ़ से वापस अंबाला लौट रहे थे। रास्ते में एक युवती ने अचानक इमरजेंसी का हवाला देकर जीरकपुर तक के लिए लिफ्ट मांगी। इंसानियत के नाते युवकों ने उसे अपनी कार में बैठा लिया। जैसे ही वे जीरकपुर में कार्तिक होटल के पास पहुंचे, युवती गाड़ी से उतरी और तुरंत कार की तस्वीरें खींचनी शुरू कर दीं। इसके बाद उसने पुलिस बुलाकर झूठे मामले में फंसाने की धमकी देनी शुरू कर दी। आईफोन छीना और फोन-पे से ट्रांसफर करवाए 57 हजार शिकायत के अनुसार, आरोपी युवती ने रमाकांत का महंगा आईफोन-15 अपने कब्जे में ले लिया। फोन वापस लौटाने की एवज में उसने पहले 5 हजार रुपये की मांग की। होटल के अंदर इस बात को लेकर हुए विवाद के दौरान युवती के रोने पर वहां होटल के दो कर्मचारी भी आ गए। जब रमाकांत होटल से बाहर आए, तो युवती ने उनपर और अधिक दबाव बनाया। उसने जबरन रमाकांत से उनके मोबाइल और फोन-पे का पासवर्ड ले लिया। इसके बाद उनके एसबीआई खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन (43,000 रुपये, 5,000 रुपये और 9,000 रुपये) के जरिए कुल 57 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करवा लिए। इसके बावजूद उसने आईफोन वापस नहीं किया। कुछ देर बाद वहां एक सफेद रंग की वैगनआर कार आई, जिसमें बैठकर युवती आईफोन लेकर फरार हो गई। घटना के बाद लगातार मिल रही थीं धमकियां पीड़ित का आरोप है कि इस घटना के बाद भी युवती का सिलसिला थमा नहीं। वह लगातार अलग-अलग व्हाट्सएप नंबरों से कॉल करके रमाकांत और उनके परिवार को जान से मारने और गंभीर झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां देती रही। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच करने के बाद आरोपी युवती (आंचल, निवासी खरड़) के खिलाफ कानूनी शिकंजा कसते हुए केस दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है।