Sunday, 2 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

रोहतास: पटना जाने के दौरान अनियंत्रित होकर पलटी कार, डेहरी नगर परिषद के ईओ विमल कुमार की मौत, जांच जारी

INT News2 August 2026 at 12:38 am

Sasaram crime News : डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की शनिवार देर शाम सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. वह निजी वाहन से डेहरी से पटना जा रहे थे. इसी दौरान औरंगाबाद जिले के डिहरा लख के समीप उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक सुरक्षित बच गया.

वाहन से निकाल अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित किया

दुर्घटना की सूचना मिलते ही नगर परिषद के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि एवं राजद नेता गुड्डू चंद्रवंशी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए. उन्होंने बताया कि चालक ने नगर परिषद के एक कर्मी को हादसे की जानकारी दी थी. स्थानीय प्रशासन पहले ही मौके पर पहुंच चुका था. नहर किनारे पलटे वाहन से विमल कुमार को निकालकर डेहरी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद उन्हें एनएमसीएच, जमुहार ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोबारा जांच कर उनकी मृत्यु की पुष्टि की.

डीएम-एसपी समेत कई वरीय अधिकरी पहुंचे

घटना की जानकारी मिलते ही एनएमसीएच, जमुहार में रोहतास के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक समेत कई वरीय प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे. अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और पुलिस को मामले की हर पहलू से जांच करने का निर्देश दिया.

हमले की आशंका पर भी जांच, चालक से हो रही पूछताछ

इधर, घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं. कुछ सूत्रों ने दावा किया है कि दुर्घटना से पहले वाहन पर अपराधियों द्वारा हमला किए जाने की आशंका है, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस चालक से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. समाचार लिखे जाने तक पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी थी. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

खबर अपडेट की जा रही....