sports
हथकड़ी में दिखे इंग्लैंड के स्टार गेंदबाज ब्रायडन कार्स, नाइट क्लब के बाहर VIDEO वायरल; ECB ने शुरू की जांच

Brydon Carse Detained by Police : पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले इंग्लैंड की टीम से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है. तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स को डर्बी के एक नाइटक्लब के बाहर पुलिस अधिकारियों द्वारा हथकड़ी लगाकर ले जाते हुए देखा गया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
वीडियो सामने आने के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने मामले का संज्ञान लेते हुए आधिकारिक जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि यह घटना डरहम की डर्बीशायर के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप में 338 रन की शानदार जीत के बाद देर रात जश्न के दौरान हुई.
Brydon Carse को लेकर ECB ने क्या कहा?
ECB ने एक बयान जारी कर कहा कि उसे डर्बी में शनिवार रात हुई घटना की जानकारी है और मामले की जांच की जा रही है. बोर्ड ने कहा, “हमें डर्बी में कल रात हुई एक घटना की जानकारी है और हम फिलहाल इसकी जांच कर रहे हैं. जब संभव होगा, हम आगे की जानकारी देंगे.” फिलहाल ECB ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि घटना में वास्तव में क्या हुआ था और क्या इसके लिए कार्स के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: इमरान खान के समर्थन में उतरे 21 पूर्व कप्तान, कपिल देव-सुनील गावस्कर समेत दिग्गजों ने शहबाज शरीफ को लिखा पत्र
Brydon Carseछ टीम के साथी मैथ्यू पॉट्स भी थे मौजूद
रिपोर्ट के मुताबिक, कार्से के साथ उनके इंग्लैंड टीम के साथी मैथ्यू पॉट्स भी नजर आए. दोनों खिलाड़ी डरहम की ओर से डर्बीशायर के खिलाफ काउंटी चैंपियनशिप मुकाबला खेलने के लिए डर्बी में थे. डरहम ने इस मुकाबले में डर्बीशायर को 338 रन से हराया था. कार्सेऔर पॉट्स दोनों इस मुकाबले में डरहम की टीम का हिस्सा थे.
Brydon Carse: पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज का हिस्सा हैं कार्स
31 वर्षीय ब्रायडन कार्स इंग्लैंड की तीन मैचों की पाकिस्तान टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए टीम में शामिल हैं. हालांकि, हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट में उन्हें प्लेइंग XI में जगह नहीं मिली थी. उस मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पारी और 103 रन से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की. अब सीरीज का दूसरा टेस्ट गुरुवार से लॉर्ड्स में खेला जाना है. ऐसे में कार्से से जुड़ी इस घटना ने इंग्लैंड की टीम के लिए नई चिंता पैदा कर दी है.
कार्स ने अब तक इंग्लैंड के लिए 14 टेस्ट मैच खेले हैं. फिलहाल यह देखना होगा कि ECB की जांच का नतीजा क्या रहता है और क्या इसका असर पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए उनकी उपलब्धता पर पड़ता है.
ये भी पढ़ें: यशस्वी जायसवाल के 'हेडबट' पर मचा बवाल, ICC के एक्शन से पहले भारत ने किया बचाव