Tuesday, 15 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पश्चिम बंगाल

जुआ के अड्डे पर छापेमारी करने गयी पुलिस टीम पर बम से हमला, एएसआई जख्मी

INT News14 September 2026 at 10:19 pm

मुर्शिदाबाद जिले के सालार थाना क्षेत्र में जुआ के अड्डे पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर बम से हमला करने की घटना सामने आयी है. रविवार देर रात खाड़ेरा गांव में हुई इस घटना में सालार थाने के एएसआई सादेक अली गंभीर रूप से घायल हो गये. उन्हें तत्काल बहरमपुर के मुर्शिदाबाद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. सोमवार सुबह भी गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रही.

पुलिस के अनुसार, खाड़ेरा गांव में रविवार रात जुआ का अड्डा चलने की सूचना मिली थी. इसके बाद सालार थाने की पुलिस ने वहां अभियान चलाया. आरोप है कि पुलिस के पहुंचते ही जुआ खेल रहे लोग मौके से भागने लगे. उन्होंने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर लगातार बम फेंके.

इसी दौरान एक बम की चपेट में आने से एएसआई सादेक अली गंभीर रूप से घायल हो गये. घटना के बाद पुलिस ने आरोपितों की तलाश में इलाके में छापेमारी शुरू की. पुलिस ने कहा है कि कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. हालांकि, कितने लोगों को और किन लोगों को हिरासत में लिया गया है, इसकी जानकारी पुलिस ने नहीं दी.