Sunday, 23 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

रकम दोगुने करने का झांसा देकर 9 लाख ठगे,5 गिरफ्तार:सूरजपुर-जेल में हुई दोस्ती, बाहर आकर बनाया ठगी का प्लान; पुलिस ने 5 को पकड़ा

INT News22 August 2026 at 10:30 pm

सूरजपुर पुलिस ने 9 लाख रुपए की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने जेल में हुई दोस्ती के बाद मिलकर ठगी की योजना बनाई और लोगों को पैसे दोगुने करने का झांसा देकर रकम ऐंठते थे। पुलिस ने ठगी में इस्तेमाल कार, मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी जब्त किए हैं। दरअसल, रामानुजनगर थाना क्षेत्र के मांजा गांव निवासी अमन साहू ने कोतवाली थाने में शिकायत की थी। अमन ने बताया कि गांव के मनधुज साहू उर्फ पिंटू साहू ने उसे पैसे दोगुने करने वाली योजना के बारे में बताया था। शुरुआत में अमन ने पैसे लगाने से मना कर दिया, लेकिन आरोपी लगातार फोन कर उसे रकम दोगुनी करने का लालच देते रहे। उनके झांसे में आकर अमन ने अपने कारोबार से 5.50 लाख रुपए और परिचितों से 3.50 लाख रुपए जुटाए। इस तरह उसने कुल 9 लाख रुपए जमा किए। 9 लाख रुपए लेकर सफेद कार से फरार हुए आरोपी इसके बाद 3 जून को अमन अपने परिचित पंकज साहू के साथ आरोपियों के बताए स्थान पर पहुंचा। मानपुर चौक से आगे बाइपास रोड पर एक सफेद हुंडई कार में आए आरोपियों को उसने 9 लाख रुपए दे दिए। रकम मिलते ही आरोपी कार लेकर वहां से फरार हो गए। जेल से बाहर आते ही ठगी की साजिश शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मनधुज साहू उर्फ पिंटू को पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि 2023 में जेल में रहने के दौरान उसकी पहचान वाराणसी के राजेश सिंह पटेल से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद भी दोनों की दोस्ती बनी रही। इसके बाद मनधुज ने राजेश और उसके साथियों के साथ मिलकर लोगों को रकम दोगुनी करने का झांसा देकर ठगी करने की योजना बनाई। इसी योजना के तहत अमन से 9 लाख रुपए ठगे गए। पुलिस ने मामले में कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।