Sunday, 23 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

JPSC-JSSC Protest: पुतला दहन से पहले ही पुलिस का एक्शन, गुमला में छात्रों और प्रशासन के बीच क्यों बढ़ा तनाव

INT News22 August 2026 at 10:57 pm

गुमला से दुर्जय पासवान की रिपोर्ट

गुमला. JPSC JSSC- CGL समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर सरकार के फैसले और न्यायालय की रोक के विरोध में शनिवार को गुमला में छात्रों के एक गुट ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंकने का प्रयास किया. भाजपा एसटी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र लाल उरांव के नेतृत्व में छात्र शक्ति मंदिर के समीप जुटे थे. प्रदर्शन के लिए जिला प्रशासन से अनुमति नहीं ली गयी थी. छात्रों के जुटने और पुतला दहन की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन ने मुख्यमंत्री के पुतले को अपने कब्जे में ले लिया.

इसे लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक नोकझोंक और हंगामा होता रहा. पुलिस ने प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे देवेंद्र लाल उरांव को हिरासत में ले लिया. देवेंद्र लाल उरांव को पुलिस वाहन से थाना ले जाने के दौरान आंदोलनरत छात्रों ने वाहन रोकने का प्रयास किया. पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करते हुए उन्हें थाना पहुंचाया. इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र भी थाना पहुंच गए और वहां प्रदर्शन करने लगे. छात्रों का कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर लगातार उत्पन्न हो रहे विवाद से अभ्यर्थियों में असमंजस और आक्रोश है.

उनका आरोप था कि वर्षों से परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है. इसी के विरोध में मुख्यमंत्री का पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराने पहुंचे थे. वहीं प्रशासन का कहना था कि बिना अनुमति प्रदर्शन और पुतला दहन की तैयारी की जा रही थी. इसी कारण पुतला जब्त कर प्रदर्शन के नेतृत्वकर्ता को हिरासत में लिया गया. थाना परिसर में भी छात्रों के जुटने से करीब दो घंटे तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही. बाद में देवेंद्र लाल उरांव को पुलिस ने छोड़ दिया.