Wednesday, 1 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

60 किलोमीटर दूर शिकायत करने पहुंची पीड़िता:बोली-मुश्किल से पुहंची हूं सर,पड़ोसी मारपीट करते हैं-पुलिस मदद नहीं करती

INT News1 July 2026 at 12:01 am

सिवनी जिले की एक 48 वर्षीय महिला पड़ोसियों से कथित प्रताड़ना और स्थानीय पुलिस की निष्क्रियता से परेशान होकर करीब 62 किलोमीटर का सफर तय कर मंगलवार को जबलपुर स्थित पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कार्यालय पहुंची। महिला ने आरोप लगाया कि पड़ोसी परिवार लंबे समय से उसके साथ मारपीट और अभद्रता कर रहा है, लेकिन कई बार शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। शिकायत सुनने के बाद आईजी प्रमोद वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिवनी एसपी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पीड़िता सावित्री चड़ार ने बताया कि वह सिवनी जिले के धूमा क्षेत्र की रहने वाली हैं और फल बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उनका आरोप है कि पिछले करीब तीन माह से पड़ोस में रहने वाले कृष्ण कुमार तिवारी और उसके परिवार के सदस्य लगातार उन्हें और उनके परिवार को परेशान कर रहे हैं। कई बार घर में घुसकर मारपीट और धमकी देने की घटनाएं भी हुई हैं, जिससे उनका परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है। ठेला पलटने से शुरू हुआ विवाद महिला के अनुसार 18 अप्रैल की रात वह फल बेचकर घर लौट रही थीं। रास्ते में मिट्टी डाली होने के कारण उनका ठेला पलट गया और फल सड़क व नाली में बिखर गए। बाद में जब वह और उनके पति सड़क से मिट्टी हटाने लगे तो पड़ोसी ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और उनके साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की गई। महिला का आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति के साथ भी मारपीट की गई। शोर सुनकर आरोपी के परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर उनके साथ मारपीट की। पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई, ताकि उन्हें सार्वजनिक रूप से अपमानित किया जा सके। पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप महिला का आरोप है कि घटना के बाद वह शिकायत लेकर धूमा थाने पहुंची, लेकिन वहां उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उन्होंने सिवनी एसपी, कलेक्टर और जनसुनवाई में भी शिकायत दी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। उनका कहना है कि उन्होंने संबंधित थाने और अन्य अधिकारियों को भी आवेदन दिए, परंतु आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिसकर्मी उनके घर पहुंचे और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया। महिला का दावा है कि पुलिस ने उनका मोबाइल लेकर शिकायत बंद करवा दी। आईजी से लगाई न्याय की गुहार लगातार कार्रवाई नहीं होने से परेशान महिला मंगलवार सुबह घर से निकलकर किसी तरह पैदल, ऑटो और अन्य साधनों की मदद से जबलपुर पहुंची। उन्होंने आईजी प्रमोद वर्मा से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी दी और कथित मारपीट से जुड़े वीडियो भी दिखाए। शिकायत सुनने के बाद आईजी ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए सिवनी पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए हैं।