Friday, 10 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

3 महीने लापता रहा युवक, कब्र से मिला शव, VIDEO:पत्नी के प्रेमी ने गला घोंटकर कुएं में फेंका; बाद में शव घर से 300 मीटर दूर दफनाया

INT News10 July 2026 at 12:07 am

मध्यप्रदेश के रीवा जिले में तीन महीने से लापता युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। सतना जिले के रहने वाले 20 वर्षीय विपिन कुमार यादव की हत्या 27 मार्च को उसकी ससुराल में कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले उसका गला घोंटा, फिर शव कुएं में फेंक दिया। कुछ समय बाद शव पानी में ऊपर आ गया तो उसे निकालकर अपने घर से करीब 300 मीटर दूर जमीन में दफना दिया, ताकि उस जगह पर नजर रख सके। गुरुवार शाम कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में खुदाई कर शव बरामद किया गया। शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। ससुराल गया था, फिर वहां से लापता

विपिन कुमार यादव, सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के मोहार टोला (भगदेवरा) का रहने वाला था। उसकी शादी रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव में हुई थी। वह 26 मार्च को ससुराल गया था। अगले दिन उसके परिजनों से संपर्क टूट गया। 28 मार्च को उसके पिता संतू यादव ने सतना के रामपुर बघेलान थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। शुरुआती जांच में पुलिस को लगा कि युवक किसी बात से नाराज होकर चला गया होगा। रिश्तेदारों और परिचितों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पत्नी की कॉल डिटेल से हुआ खुलासा

जांच के दौरान पुलिस को युवक की आखिरी मोबाइल लोकेशन गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र के टीकर गांव में मिली, जो आरोपी सुनील कुशवाहा का गांव है। इसके बाद पुलिस ने वहां के लोगों और रिश्तेदारों से पूछताछ शुरू की। इसी दौरान मृतक की पत्नी की कॉल डिटेल खंगाली गई, जिसमें सुनील कुशवाहा से उसकी लगातार बातचीत सामने आई। दोनों दिन में कई बार फोन पर बात करते थे और लंबी बातचीत भी होती थी। इसी आधार पर पुलिस ने सुनील को हिरासत में लिया। घर के पास नाले से शव बरामद

सुनील ने पूछताछ में हत्या करना स्वीकार किया और शव दफनाने की जगह बता दी। पुलिस ने उसे मृतक की पत्नी के घर से हिरासत में लिया था। आरोपी की निशानदेही पर गुरुवार शाम करीब चार बजे टीकर गांव में उसके घर से करीब 300 मीटर दूर नाले के पास खुदाई शुरू कराई गई। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में कुछ फीट नीचे दफन शव बरामद हुआ। करीब तीन महीने जमीन में दबे रहने के कारण शव पूरी तरह डिकम्पोज हो चुका था। पकड़े जाने का डर था, इसलिए दफनाया

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हत्या के बाद उसने शव कुएं में फेंका था, लेकिन शव ऊपर आ जाने से पकड़े जाने का डर सताने लगा। इसके बाद उसने शव बाहर निकालकर दूसरी जगह दफना दिया। जिस जमीन में शव दफनाया गया, वह किसकी है, इसकी जांच के लिए राजस्व रिकॉर्ड मंगाए गए हैं। एडिशनल एसपी बोले- हत्या का केस दर्ज

एडिशनल एसपी संदीप मिश्रा ने बताया कि आरोपी और मृतक की पत्नी पुलिस कस्टडी में हैं। दोनों से पूछताछ जारी है। फिलहाल हत्या का मामला दर्ज है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की धाराएं बढ़ाई जाएंगी। पुलिस प्रेम-प्रसंग और अन्य संभावित कारणों को भी जांच में शामिल कर रही है।