समाचार · मध्य प्रदेश
MP में आधी रात में 20 आईएएस अफसरों के तबादले:पांच कलेक्टर, इंदौर संभागायुक्त बदले; नए मुख्य सचिव के जॉइन करने के बाद पहली सर्जरी
मध्यप्रदेश सरकार ने शनिवार आधी रात 20 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए। अशोक बर्णवाल को मुख्य सचिव बनाए जाने के 24 घंटे बाद हुई इस पहली बड़ी प्रशासनिक सर्जरी में पांच कलेक्टर बदले गए हैं। इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम पी. खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय लाया गया है, जबकि भास्कर लक्षकार को इंदौर संभागायुक्त बनाया गया है। समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट तैयार करने में अहम भूमिका निभाने वाले सामान्य प्रशासन विभाग के अपर सचिव अजय कटेसरिया को रतलाम का कलेक्टर बनाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मण्डलोई को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 की कमान सौंपी गई है। इसके लिए उन्हें उद्योग और एमएसएमई विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है। यह विभाग अभी प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह के पास था। कटेसरिया बने रतलाम कलेक्टर सामान्य प्रशासन विभाग के उप सचिव अजय कटेसरिया को सरकार ने उनकी मेहनत का इनाम दिया है। पहले दस साल तक बंद पड़ी पदोन्नति की कार्यवाही के लिए कटेसरिया ने पदोन्नति नियम-2025 तैयार करने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए ड्राफ्ट तैयार करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। संदीप यादव को जल संसाधन एमडी कृषि उपज मंडी कुमार पुरुषोत्तम को मंडी बोर्ड के साथ-साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव पदस्थ किया गया है। मुख्यमंत्री के विश्वस्त अधिकारी संदीप यादव को जल संसाधन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है। अब केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध योजना की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी। यह विभाग अभी एसीएस डॉ. राजेश राजौरा के पास था। शुक्रवार को जारी आदेश में उन्हें प्रशासन अकादमी का महानिदेशक बनाया गया था। राजौरा के पास एनवीडी विभाग की जिम्मेदारी भी थी, जिसे अब प्रमुख सचिव ई. रमेश कुमार को सौंपा गया है। वे राजस्व विभाग के साथ इस विभाग का काम भी देखेंगे। रिटायरमेंट से पहले हटाए गए शहडोल कलेक्टर शासन के आदेश में इसी साल रिटायर होने वाले शहडोल कलेक्टर केदार सिंह को अपर सचिव, लोक निर्माण विभाग पदस्थ किया गया है। रत्नाकर झा को अनूपपुर कलेक्टर बनाया गया है। कलेक्टर मंदसौर अदिति गर्ग को ओएसडी सह आयुक्त, खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग पदस्थ किया गया है। आगर मालवा कलेक्टर प्रीति यादव को औद्योगिक विकास निगम, इंदौर का कार्यकारी संचालक बनाया गया है। मिशा सिंह शहडोल की नई कलेक्टर रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह को शहडोल भेजा गया है, जबकि मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव गुरु प्रसाद को खरगोन का कलेक्टर बनाया गया है। खरगोन कलेक्टर भव्या मित्तल दो साल की स्टडी लीव पर गई हैं और वहां अपर कलेक्टर प्रभारी कलेक्टर के रूप में काम देख रहे थे। शासन ने दिव्यांक सिंह को मंदसौर और डॉ. शेर सिंह मीना को आगर मालवा का कलेक्टर पदस्थ किया है।