Tuesday, 15 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

Ministry of Power: मनोहर लाल ने किया नासा का दौरा, अंतरिक्ष क्षेत्र में संभावनाओं पर किया मंथन

INT News14 September 2026 at 07:34 pm

Ministry of Power: अमेरिका के ह्यूस्टन में आयोजित होने वाली जी 20 ऊर्जा प्रचुरता मंत्रिस्तरीय बैठक हो रही है. इस बैठक में शामिल होने केंद्रीय विद्युत, आवास एवं शहरी विकास मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर अमेरिका यात्रा पर है. अमेरिकी यात्रा के दौरान वे कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल हुए. इस दौरान ह्यूस्टन स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास द्वारा अंतरराष्ट्रीय हिंदी संघ के सहयोग से आयोजित 'हिंदी दिवस 2026' कार्यक्रम में शामिल हुए.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने हिंदी भाषा की समृद्धि और समावेशिता की सराहना की और प्रवासी भारतीयों के साथ सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया. इस दौरान वाणिज्य दूतावास परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण किया. इसके साथ ही वाणिज्य दूतावास में 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान की भी शुरुआत की. यह जनभागीदारी और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प को रेखांकित करता है.

अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत और अमेरिका के बीच सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा

केंद्रीय मंत्री ने ह्यूस्टन स्थित नासा के प्रसिद्ध जॉनसन अंतरिक्ष केंद्र का भी दौरा किया. वहां उन्होंने अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत और अमेरिका के बीच सहयोग की संभावनाओं पर अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की. इसके बाद इंडिया हाउस में भारतीय प्रवासी समुदाय द्वारा आयोजित एक भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह में वे शामिल हुए. इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवर, उद्यमी, छात्र और सांस्कृतिक प्रतिनिधि उपस्थित थे. महावाणिज्यदूत डीसी मंजुनाथ ने उनका स्वागत किया, वहीं हरियाणवी समुदाय (एचएआरआईटी) के प्रतिनिधियों ने भी केंद्रीय मंत्री से मुलाकात की.

यह बहुआयामी दौरा सांस्कृतिक, तकनीकी और पर्यावरणीय क्षेत्रों में भारत-अमेरिका के मजबूत होते रिश्तों को प्रदर्शित करता है. केंद्रीय मंत्री 14 से 16 सितंबर तक जी 20 ऊर्जा प्रचुरता मंत्रिस्तरीय बैठक में भाग लेंगे. इस उच्चस्तरीय बैठक में जी20 देशों के प्रतिनिधि वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा और सुलभता जैसे गंभीर विषयों पर मंथन करेंगे. भारत की यह सक्रिय भागीदारी सुरक्षित और टिकाऊ ऊर्जा समाधानों की दिशा में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने की उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है.