Thursday, 2 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

बहादुरगढ़ MLA पर भाजपा प्रत्याशी के गंभीर आरोप:बोले-राजेश जून सारी पार्टी का विनाश कर देंगे, पूरे जिले की भाजपा को खा जाएगा

INT News2 July 2026 at 12:04 am

बहादुरगढ़ की राजनीति में बड़ा सियासी घमासान छिड़ गया है। भाजपा को समर्थन देने वाले निर्दलीय विधायक राजेश जून के खिलाफ बहादुरगढ़ भाजपा प्रत्याशी दिनेश कौशिक खुलकर सामने आ गए हैं। कौशिक ने विधायक पर एक के बाद एक कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि राजेश जून भाजपा को मजबूत नहीं बल्कि कमजोर कर रहे हैं। उन्होंने यहां तक कह दिया कि राजेश जून सारी पार्टी का विनाश कर देगा और पूरे जिले की भाजपा को खा जाएगा। उनके इन बयानों के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। मैं डरता नहीं, बेशक लाइव चला लो दिनेश कौशिक ने कहा कि वह अपनी हर बात पर कायम हैं और किसी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने चुनौती भरे अंदाज में कहा, मैं डरता नहीं, बेशक लाइव चला लो। कौशिक ने आरोप लगाया कि विधायक भाजपा का समर्थन लेकर संगठन को कमजोर कर रहे हैं और कार्यकर्ताओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। चेयरपर्सन पर दबाव बनाने का आरोप कौशिक ने आरोप लगाया कि विधायक राजेश जून नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी पर नाजायज दबाव बनाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के साथ विकास कार्यों का उद्घाटन करना और उसका श्रेय लेना तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है। विधायक को सभी जनप्रतिनिधियों और पार्टी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना चाहिए, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा। रिकॉर्ड में गड़बड़ी के लगाए आरोप दिनेश कौशिक ने विधायक पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उनके अस्पताल का रिकॉर्ड पेट्रोल पंप पर रखकर जलाया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आयुष्मान योजना और ईएसआई पैनल से जुड़े रिकॉर्ड में भी गड़बड़ी की गई है। हालांकि उन्होंने अपने इन आरोपों के समर्थन में कोई दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया। विधायक पर छापा पड़ने वाला था कौशिक ने दावा किया कि विधायक पर छापा पड़ने वाला था। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि किसी ने गलत काम किया है तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री और पार्टी नेतृत्व तक पहुंचाई जाएगी। सरोज राठी ने गिनाए विकास कार्य नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने कहा कि उनके कार्यकाल में बिना किसी भेदभाव के करीब 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि 45 करोड़ रुपये के नए विकास कार्य प्रक्रियाधीन हैं, जबकि 42.5 करोड़ रुपये की जलनिकासी परियोजना तैयार है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद से एक भी गलत बिल पास नहीं होने दिया जाएगा और एक रुपये की भी गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पहले विधायक ने लगाए थे चेयरपर्सन पर आरोप उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले विधायक राजेश जून ने भाजपा पार्षदों के साथ नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी पर भाजपा पार्षदों की अनदेखी करने, कांग्रेस समर्थित पार्षदों को प्राथमिकता देने और संगठन को कमजोर करने के आरोप लगाए थे। अब बहादुरगढ़ भाजपा प्रत्याशी दिनेश कौशिक के पलटवार के बाद बहादुरगढ़ में भाजपा की अंदरूनी सियासत खुलकर सामने आ गई है।