national
बांग्लादेश में रिटायर्ड हिंदू शिक्षक समेत परिवार के चार लोगों की हत्या, दो हिरासत में; VHP ने की कड़ी सजा की मांग

बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक रिटायर्ड हिंदू शिक्षक, उनकी पत्नी और दो बच्चों की हत्या को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने कड़ी नाराजगी जताई है. VHP नेता विनोद बंसल ने दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है. पुलिस के मुताबिक, शनिवार (22 अगस्त) रात करीब 11:30 बजे परिवार के बंद घर से चारों के शव बरामद किए गए. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है.
मृतकों में रिटायर्ड शिक्षक, पत्नी और दो बच्चे
‘द डेली स्टार’ की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों की पहचान 65 वर्षीय गणपति चक्रवर्ती, उनकी 50 वर्षीय पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती, 23 वर्षीय बेटी अगामी चक्रवर्ती प्रार्थी और 12 वर्षीय बेटे आयुष चक्रवर्ती प्रियम के रूप में हुई है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में परिवार की किसी के साथ कोई ज्ञात दुश्मनी सामने नहीं आई थी.
विश्व हिंदू परिषद (VHP) नेता विनोद बंसल ने चिंता जताई है. उन्होंने बांग्लादेश में हिंदू परिवार की हत्या को गंभीर मामला बताते हुए इसकी निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की. बंसल ने कहा कि घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
दो चचेरे भाइयों को पुलिस ने हिरासत में लिया
रंगपुर मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने मामले में मुग्धो और सिद्धार्थ नाम के दो लोगों को हिरासत में लिया है. दोनों आपस में चचेरे भाई बताए जा रहे हैं. पुलिस आयुक्त मोहम्मद अब्दुल माबूद के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ और जांच में दोनों की कथित संलिप्तता सामने आई है. हालांकि, मामले में उनकी भूमिका को लेकर जांच अभी जारी है.
छत पर याबा लेने का पुलिस ने लगाया आरोप
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी कथित तौर पर बगल की इमारत के रास्ते चक्रवर्ती परिवार के घर की छत पर पहुंचे थे. पुलिस का कहना है कि वहां दोनों ने मादक पदार्थ ‘याबा’ का सेवन किया। आवाज सुनकर गणपति चक्रवर्ती छत पर पहुंचे और दोनों से पूछताछ की.
पुलिस के अनुसार, गणपति चक्रवर्ती ने दोनों को याबा का सेवन करते देख लिया था. इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर पकड़े जाने के डर से उन पर हमला किया और गमछे से उनका गला घोंट दिया. यह पूरा घटनाक्रम फिलहाल पुलिस की प्रारंभिक जांच और पूछताछ में सामने आए दावों पर आधारित है.
हत्या के बाद घर में लूट का भी एंगल
पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद घर में रखे सामान और आभूषण ले जाने की बात भी सामने आई है. जांच में यह भी देखा जा रहा है कि क्या हत्या के पीछे सिर्फ विवाद था या आरोपियों का मकसद लूट भी था. पुलिस ने मामले से जुड़े कुछ सामान बरामद किए जाने की जानकारी भी दी है.
ये भी पढ़ें: ओडिशा तट के पास लौह अयस्क से लदा जहाज डूबा, 22 लापता; 2 का रेस्क्यू