समाचार · पंजाब
फूड सेफ्टी विभाग ने 7 किलो मिठाई नष्ट कराई, 2 दुकानों को नोटिस, 1 का चालान
| अमृतसर फेस्टिव सीजन में मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को रानी का बाग और छेहर्टा में चेकिंग दौरान पेस्ट्री, सैंडविच, खोया बर्फी व रसगुल्ले के 5 सैंपल लिए गए। मौके पर 7 किलो बासी-रंग युक्त मिठाइयां, 30 लीटर एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक और 5 किलो सड़े फल नष्ट कराए गए। लाइसेंस न दिखाने पर 2 दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ, जबकि अस्वच्छता पर एक चालान किया गया। विभाग की 28 सितंबर तक कि प्रोग्रेस रिपोर्ट के अनुसार, त्यौहारी सीजन के मद्देनजर अब तक दूध से जुड़े 291 प्रतिष्ठानों की जांच कर 312 दूध और 52 दही के सैंपल लिए जा चुके हैं। नियमों के उल्लंघन पर सख्त रुख अपनाते हुए सीजेएम कोर्ट ने 4 मामलों में 40 हजार रुपए और एडीसी कोर्ट ने 36 मामलों में 1.79 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। वहीं सीजेएम कोर्ट में 1 और एडीसी कोर्ट में 47 नए मामले दायर किए गए हैं। अभियान के तहत 720 किलो पिन्नी और 70 किलो पनीर समेत 6 खाद्य वस्तुएं जब्त की गई हैं। इसके अलावा रानी का बाग, जौड़ा फाटक, तरनतारन रोड, अजनाला, ब्यास और छेहर्टा में डेयरियों की जांच कर 12 खोया और 8 पनीर के सैंपल भी भरे गए।