समाचार · पंजाब
अबोहर में बस ने बाइक मारी टक्कर, किशोर की मौत:साथी गंभीर रूप से घायल; रोजाना साथ ही काम पर जाते दोनों, हादसे के बाद चालक फरार
फाजिल्का का अबोहर शहर में स्थानीय हनुमानगढ़ रोड पर बुधवार शाम करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ एक तेज रफ्तार बस की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल सवार 15 वर्षीय एक नाबालिग किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में उसका 21 वर्षीय साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुँचाया गया, जबकि थाना नंबर 2 की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। रोजाना एक साथ काम पर आते-जाते थे दोनों दोस्त प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाँव भागसर निवासी 15 वर्षीय धानू पुत्र रणवीर, श्री बाला जी धाम के पास स्थित 'बाला जी रिपेयर सेंटर' में काम करता था। वहीं, उसका साथी 21 वर्षीय करण पुत्र ओम प्रकाश, नहर के पास एक मार्बल फैक्ट्री में कार्यरत था। दोनों दोस्त रोजाना सुबह अपने गाँव से मोटरसाइकिल पर सवार होकर अबोहर काम के लिए आते थे और शाम को काम खत्म होने के बाद एक साथ वापस गाँव लौटते थे। ओवरटेक करते समय सामने से आई मौत रोज की तरह बुधवार शाम को भी दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गाँव भागसर लौट रहे थे। मोटरसाइकिल करण चला रहा था और धानू पीछे बैठा हुआ था। जब वे हनुमानगढ़ रोड पर बीएसएफ (BSF) कैंप के सामने पहुँचे, तो किसी वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी मोटरसाइकिल सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बस से सीधे टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि धानू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करण गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार का छोटा बेटा था धानू, बस चालक फरार पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के बाद आरोपी बस चालक वाहन सहित मौके से फरार होने में कामयाब रहा। मृतक धानू अपने दो भाइयों में छोटा था और उसकी तीन बहनें हैं। इस हादसे के बाद पीड़ित परिवार और पूरे गाँव में मातम पसरा हुआ है। थाना नंबर 2 की पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी व वाहन की तलाश के लिए जाँच शुरू कर दी है।