समाचार · पंजाब
जमशेर में राधे श्याम डेयरी पर सेहत विभाग ने सुबह भरे दूध के सैंपल
| जालंधर जमशेर डेयरी कॉम्प्लेक्स स्थित राधे श्याम डेयरी में सेहत विभाग की कार्रवाई विवादों में घिर गई है। एक अन्य डेयरी संचालक ने विभाग की टीम पर रेड के बाद सुबह करीब 8 बजे पीपीआर स्थित ढाबे में बैठकर सेटिंग करने का आरोप लगाया है। वहीं, फूड सेफ्टी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर ने कहा है कि कर्मचारी ढाबे पर सिर्फ नाश्ता लेने गए थे। झूठे आरोप लगाने वालों पर कानूनी कार्रवाई करेंगे। भास्कर ने जब ढाबे पर जाकर बात की तो मालिक ने कहा कि -मुलाजिमों परांठे लेकर गए थे। देव डेयरी के मालिक मनप्रीत मंगू का आरोप लगाया कि - सीसीटीवी फुटेज के हवाले से टाइमलाइन देखें तो पता चलेगा कि क्या खेल हुआ है। सुबह 6:32 पर सेहत विभाग की गाड़ी राधे श्याम डेयरी पहुंची और सैंपलिंग शुरू हुई। सुबह 7:30 बजे सैंपल सील करके टीम बाहर निकली। सुबह 8:08 पर टीम की गाड़ी 3 किमी दूर पीपीआर मार्केट स्थित ढाबे पर रुकी। सुबह 8:40 पर कर्मचारी हाथों में लिफाफा थामे ढाबे से बाहर निकले और गाड़ी में रवाना हो गए। ढाबे के अंदर जाते सेहत विभाग के अधिकारी। (दाएं) हाथ में लिफाफा पकड़े हुए अधिकारी। इसी पर शक है। असिस्टेंट कमिश्नर राजिंदर पाल सिंह ने कहा कि रेड में दो सैंपल लिए थे, जिन्हें सुबह 11 बजे चंडीगढ़ लैब भेज दिया है। कर्मचारियों ने ढाबे से उनके लिए परांठे पैक करवाए। लिफाफों में सिर्फ खाना था। विभाग की छवि धूमिल करने की नीयत से आरोप लगाए जा रहे हैं। झूठे आरोप लगाने वालों को जल्द लीगल नोटिस जारी होगा। जिसकी जानकारी उच्च अधिकारियों को पहले ही दे चुके हैं। परांठे बनाकर दिए ढाबा मालिक पवन नागपाल ने कहा कि - यूं तो हमारे यहां 9 व 9.30 बजे से पहले कुछ भी नहीं तैयार होता है। सुबह दो लोग आए थे उनकी रिक्वेस्ट पर तवे पर परांठे बनाकर दिए थे। कोई सेटिंग नहीं हुई राधे श्याम डेयरी के मालिक राधे श्याम ने कहा कि - मेरी किसी से कोई सेटिंग नहीं हुई है। फूड सेफ्टी वाले दूध का सैंपल लेकर गए हैं। हर बार सैंपल लेकर जाते हैं। आरोप गलत हैं। डेयरी में सुबह दूध का सैंपल लेने पहुंचे सेहत विभाग के अधिकारी।