समाचार · छत्तीसगढ़
पेंड्रा में स्कूल जा रही नाबालिग का अपहरण:विरोध करने पर मारपीट का आरोप, बाइक से कूदकर बची छात्रा, आरोपी पर FIR दर्ज, जांच शुरू
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग स्कूली छात्रा के अपहरण और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पेंड्रा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना 28 जुलाई की सुबह करीब 10:30 बजे हुई। भाड़ी छुहाई टोला निवासी 17 वर्षीय छात्रा स्वामी आत्मानंद स्कूल कोटमीकला में 11वीं कक्षा में पढ़ती है। वह अपनी सहेली के साथ बस से उतरकर पैदल स्कूल जा रही थी। इसी दौरान ग्राम केसला निवासी विक्की मरावी ने छात्रा को रास्ते में रोका। उसने छात्रा को डरा-धमकाकर अपने साथ चलने को कहा। जब छात्रा ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे गालियां दीं, दो-तीन थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी देकर जबरन मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। मारपीट और धमकी से डरी छात्रा आरोपी की मोटरसाइकिल पर बैठने को मजबूर हो गई। रास्ते में मटियाडाढ़ के जंगल के पास जब आरोपी ने गाड़ी धीमी की, तो छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए मोटरसाइकिल से छलांग लगा दी। इसके बाद छात्रा ने पास के एक घर से मोबाइल मांगकर अपने पिता पीतांबर सिंह और माता मानकुंवर को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और छात्रा को सुरक्षित घर ले आए। पीड़िता ने अपने पिता के साथ थाने पहुंचकर आरोपी विक्की मरावी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पेंड्रा पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।