समाचार · मध्य प्रदेश
बैग छीनने वाली झपट्टामार गैंग का पर्दाफाश:गोहद में छुपे थे बदमाश, 2 नाबालिग समेत चार पकड़े, कार में सवार होकर करते थे वारदात
मुरार-बेहट रोड पर बाइक सवार युवक से कार सवार बदमाशों द्वारा बैग झपटने के मामले में उटीला थाना पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़ा है। इनमें दो बालिग और दो नाबालिग हैं। वारदात के बाद बदमाश भिंड के गोहद में छिपे हुए थे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर सोमवार दोपहर गोहद में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया लेदर का बैग बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब वारदात में इस्तेमाल कार और फरार आरोपी कौशल गुर्जर की तलाश कर रही है। मोबाइल लोकेशन से गोहद तक पहुंची पुलिस केस दर्ज होने के बाद एसडीओपी बेहट मनीष यादव के मार्गदर्शन और उटीला थाना प्रभारी उप निरीक्षक नरेंद्र सिसौदिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। साइबर सेल ने बदमाशों की मोबाइल लोकेशन खंगाली। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी वारदात के बाद गोहद में छिपे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथी कौशल गुर्जर के साथ मिलकर वारदात करना स्वीकार किया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 18 वर्षीय बॉबी जाटव पुत्र लालसिंह जाटव, निवासी व्यास स्कूल के पास गोहद और 19 वर्षीय ओमकार पुत्र किशनलाल माहौर, निवासी गोहद के रूप में हुई है। दो अन्य आरोपी नाबालिग हैं, जिन्हें पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है। कार रोककर हाथ से झपटा था बैग ग्वालियर के सौंसा गांव निवासी राजीव यादव ने उटीला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 24 अगस्त की रात वह बाइक से मुरार से अपने गांव लौट रहा था। मुरार-बेहट रोड पर मुंडे बाबा से आगे लंगड़ा बाबा मंदिर के मोड़ के पास पहुंचते ही सामने से ग्रे रंग की कार आकर रुकी। कार से 3-4 मुंह बांधे बदमाश उतरे और उसके हाथ से लेदर का बैग झपट लिया। इसके बाद सभी कार में बैठकर मुरार हाईवे की ओर भाग गए। अन्य वारदातों का भी हो सकता है खुलासा पुलिस को आशंका है कि पकड़े गए आरोपी झपटमारी की अन्य वारदातों में भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस कार और फरार साथी कौशल गुर्जर की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना एसडीओपी बेहट मनीष यादव ने बताया कि गोहद से दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है। छीना गया बैग बरामद कर लिया गया है। फरार साथी और वारदात में इस्तेमाल कार की बरामदगी के लिए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।