समाचार · मध्य प्रदेश
ग्वालियर में खाना पैक कराने गए युवक से मारपीट:ईदगाह में होटल स्टाफ ने कस्टमर को बेरहमी से पीटा, मारपीट का वीडियो आया सामने
ग्वालियर के माधौगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ईदगाह कंपू इलाके में शनिवार रात एक शर्मनाक वारदात सामने आई है। यहां होटल में खाना पैक कराने पहुंचे एक युवक के साथ बहस होने पर होटल संचालक और उसके पूरे स्टाफ ने मिलकर बेरहमी से मारपीट कर दी। दबंगों द्वारा युवक को सरेराह पीटने का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी, लेकिन उसके बाद फरियादी खुद भी माधौगंज थाना पहुंच गया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खाना पैक कराने को लेकर शुरू हुई थी बहस पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, चिटनिस की गोठ निवासी करण शाक्य शनिवार रात ईदगाह कंपू क्षेत्र में स्थित एक स्थानीय होटल पर खाना पैक कराने गया था। ऑर्डर देने के दौरान किसी बात को लेकर करण की होटल संचालक से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि होटल मालिक के समर्थन में उसका पूरा स्टाफ और आसपास मौजूद कुछ अन्य लोग भी आ गए। इसके बाद आरोपियों ने कानून हाथ में लेते हुए करण को घेर लिया और लात-घूसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। मारपीट का वीडियो आया सामने; पुलिस कर रही शिनाख्त जिस समय होटल का अमला युवक को बेरहमी से पीट रहा था, उसी दौरान वहां मौजूद किसी प्रत्यक्षदर्शी ने मोबाइल से इस पूरी वारदात का वीडियो शूट कर लिया। वीडियो में कई लोग मिलकर युवक के साथ सरेआम गुंडागर्दी करते और मारपीट करते साफ नजर आ रहे हैं। मारपीट का शिकार होने के बाद लहूलुहान अवस्था में पीड़ित करण सीधे माधौगंज थाने पहुंचा और पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। पुलिस का कार्रवाई पर कहना माधौगंज थाना पुलिस ने पीड़ित का तत्काल डॉक्टरी परीक्षण (मेडिकल) कराया और उसकी लिखित शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि"घटना का वीडियो सामने आने के बाद आरोपियों की पहचान करना आसान हो गया है। वीडियो फुटेज में दिखाई दे रहे होटल संचालक और उसके कर्मचारियों की शिनाख्त की जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है, पहचान होते ही नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"