मॉडल से संन्यासी बनीं हर्षा रिछारिया ने बांटी तलवारें:बोलीं- हिंदू लड़कियों को टारगेट किया जा रहा; उज्जैन में 7 दिवसीय देवी प्रवचन का समापन

Spread the love

पूर्व मॉडल, ग्लैमरस गर्ल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रहीं हर्षा रिछारिया इन दिनों संन्यास के बाद देवी प्रवचन कर रही हैं। प्रवचन के अंतिम दिन उन्होंने करनी सेना के माध्यम से युवतियों को मंच से तलवारें वितरित कीं। इस दौरान युवतियों को लव जिहाद के खिलाफ जागरूक रहने, दूसरे धर्मों के बहकावे में नहीं आने और हमेशा सनातन धर्म के प्रति समर्पित रहने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान हर्षा ने एक वीडियो जारी कर भोपाल में हाल ही में हुए हंगामे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि हिंदू लड़कियों को टारगेट किया जा रहा है। साथ ही बजरंग दल कार्यकर्ता की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि आरोपियों के साथ वही हुआ, जिसके वे हकदार थे। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रवचन सुनने पहुंचे उज्जैन से करीब 22 किमी दूर लक्ष्मीपुरा में 8 मई से 108 कुंडीय यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इसी आयोजन में हर्षा रिछारिया, जिन्हें अब हर्षानंद के नाम से जाना जाता है, ने सात दिनों तक देवी प्रवचन किए। उन्होंने माता के विभिन्न स्वरूपों का वर्णन किया। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रवचन सुनने पहुंचे। गुरुवार को प्रवचन के समापन पर करनी सेना द्वारा पंडाल में मौजूद युवतियों को तलवारें वितरित की गईं। आयोजन समिति का लक्ष्य 101 तलवारें बांटने का था, लेकिन पर्याप्त तलवारें नहीं पहुंच पाने के कारण मंच से साध्वी हर्षानंद के हाथों 11 युवतियों को ही तलवारें सौंपी गईं। कार्यक्रम के दौरान की तीन तस्वीरें देखिए
हर्षानंद ने युवतियों से लव जिहाद से सतर्क रहने को कहा उज्जैन के मोनी आश्रम में विधिवत संन्यास लेने वाली हर्षा रिछारिया ने पंचायती निरंजनी अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी सुमनानंद गिरि महाराज के सानिध्य में गृहस्थ जीवन त्यागकर साध्वी रूप में ‘स्वामी हर्षानंद गिरी’ नाम अपनाया था। कार्यक्रम में तलवार वितरण से पहले हर्षानंद ने पंडाल में मौजूद युवतियों को लव जिहाद से सतर्क रहने का संदेश दिया और शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि सभी अपने देश और समाज को साक्षी मानकर संकल्प लें कि वे कभी अपने कुल और वंश का अपमान नहीं करेंगी, परिवार के खिलाफ नहीं जाएंगी और दूसरे धर्मों के बहकावे में नहीं आएंगी। उन्होंने युवतियों से हमेशा सनातन धर्म के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। हर्षानंद ने कहा कि युवतियां वीरांगना बनें, तलवारबाजी, घुड़सवारी और शस्त्र प्रशिक्षण सीखें, ताकि जरूरत पड़ने पर स्वयं और अपने परिवार की रक्षा कर सकें। ‘लड़कियों को पैसे कमाने के नाम पर ड्रग्स की ओर धकेला जा रहा’ हर्षानंद ने हिंदू परिवारों से अपनी परवरिश और सामाजिक माहौल पर विचार करने की बात कही। उन्होंने कहा कि लड़कियों को लेट नाइट पार्टी, नशे और पैसे कमाने के नाम पर ड्रग्स की ओर धकेला जा रहा है। हर्षानंद ने कहा कि युवतियों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए सनातनी समाज और साधु-संतों को एकजुट होने की जरूरत है।