भास्कर न्यूज़ | रोहतक. भाजपा नेता मनीष कुमार ग्रोवर ने हरियाणा कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखा हमला करते हुए कहा कि पार्टी में नेतृत्व संकट गहराता जा रहा है और हुड्डा का प्रभाव घट रहा है। उन्होंने दावा किया कि राहुल गांधी ने भी हुड्डा को किनारे किया है और कांग्रेस की हालिया सद्भाव यात्रा से दूरी ने अंदरूनी खींचतान को सार्वजनिक कर दिया। डीएलएफ कॉलोनी स्थित आवास पर मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक के बाद ग्रोवर ने कहा कि हुड्डा कांग्रेस में नए नेतृत्व को उभरने नहीं देना चाहते, जिसका असर संगठन पर पड़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार, परिवारवाद और क्षेत्रवाद की राजनीति के आरोप दोहराते हुए कहा कि इसी वजह से जनता का भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि हुड्डा के नेतृत्व में कांग्रेस केवल एक परिवार और कुछ खास लोगों तक सीमित होकर रह गई थी, जिसका परिणाम आज पार्टी के अंदर गुटबाजी और नेतृत्व संकट के रूप में सामने आ रहा है। ग्रोवर ने कहा कि भाजपा ने विकास और पारदर्शिता को प्राथमिकता दी, इसलिए युवा, किसान, व्यापारी और कर्मचारी वर्ग का समर्थन बढ़ा है। पूर्व मंत्री ने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस को और बड़े राजनीतिक झटके लगेंगे, क्योंकि पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता नेतृत्व से निराश हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने मन बना लिया है कि हरियाणा में विकास और स्थिरता केवल भाजपा ही दे सकती है। इस मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश भाटिया, मंडल अध्यक्ष अमित मग्गू, मंडल अध्यक्ष रॉकी सहगल, पूर्व मंडल अध्यक्ष जयभगवान जांगड़ा, पवन भाटिया, सन्नी हंस, तरुण दुआ मौजूद रहे।
Related Posts
कुरुक्षेत्र मंडी में गेहूं खरीद में गड़बड़ी, VIDEO:यूनियन का दावा- रातोंरात MSP पर बेची गई बाहरी फसल; बिना गेट पास के एंट्री
करनाल में भाजपा नेता से मांगी 2 करोड़ की फिरौती:विदेशी नंबर से वॉट्सऐप पर भेजा मैसेज, 24 घंटे में संपर्क की चेतावनी
