कुरुक्षेत्र मंडी में गेहूं खरीद में गड़बड़ी, VIDEO:यूनियन का दावा- रातोंरात MSP पर बेची गई बाहरी फसल; बिना गेट पास के एंट्री

Spread the love

कुरुक्षेत्र जिले की अनाज मंडी थानेसर में गेहूं खरीद के दौरान गड़बड़ी का आरोप लगा है। शहीद भगत सिंह किसान यूनियन (SBSKU) ने बीती रात दूसरे प्रदेश से 2 ट्रॉलियों में गेहूं में लाकर उसे रातोंरात MSP पर बेचने का आरोप लगाया है। यूनियन ने दावा किया कि इन ट्रॉलियों में करीब 150-150 क्विंटल गेहूं भरा हुआ था। यूनियन के महासचिव दिलबाग सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि इन ट्रॉलियों का कोई गेट पास नहीं काटा गया और ना ही कोई बॉयोमेट्रिक हुई। ट्रॉलियां सीधे गेट से अंदर आई और रात में उस गेहूं की तुलाई करवाई। उनको पूरा शक है कि रात में गेहूं को बेच भी दिया गया है, जबकि यहां के किसानों फसल बेचने के धक्के खा रहे हैं। सीसीटीवी भी उनके पास दिलबाग सिंह ने बताया कि उनके पास ट्रैक्टर के मंडी में आने का सीसीटीवी फुटेज भी है। ये ट्रैक्टर-ट्रॉली पिछले गेट से लाए गए थे। ये यूपी नंबर के ट्रैक्टर थे, जिनमें गेहूं को मंडी में लाकर बेचा गया है। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को घटना की सीसीटीवी फुटेज दिखाई है। मामले की शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। व्यापारी के लिए भी बने नियम यूनियन ने मांग करते हुए कहा कि किसानों पर बॉयोमेट्रिक, गेट पास, रजिस्ट्रेशन और कई अन्य शर्तें लगाई गई हैं, लेकिन व्यापारियों के लिए कोई नियम नहीं है। अगर वे गड़बड़ी करना चाहे, तो आसानी से कर सकते हैं। किसान इन शर्तें के अंदर फंसा हुआ है। अगर मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो उनकी रोड जाम करने की तैयारी है। मामले की जांच चल रही- हरजीत सिंह मार्केट कमेटी के सचिव हरजीत सिंह ने बताया कि यह मामला हमारे संज्ञान में आ गया है। 2 व्हीकल मंडी में आए थे, जिन्होंने गेट पास नहीं लिए, मामले की जांच चल रही है। यूनियन ने सीसीटीवी फुटेज भी उनको सौंपी है। जिस आढ़ती के पास गेहूं आया होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। साथ ही चेकिंग भी बढ़ाई जाएगी।