अहाता न खोलने पर मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या:फरीदाबाद में शराब पीने के लिए खुलवा रहे थे युवक, मना करने पर लाठी-डंडों से हमला

Spread the love

हरियाणा के फरीदाबाद में मंगलवार देर रात एक अहाता मैनेजर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह पूरी घटना सेक्टर-3 पुलिस चौकी से केवल लगभग 100 मीटर की दूरी पर हुई। पास के ही कम्युनिटी सेंटर में एक शादी समारोह से आए कुछ युवक शराब पीना चाहते थे, लेकिन रात होने के कारण अहाता बंद हो गया था। इसी बात पर युवकों ने मैनेजर पर हमला कर दिया। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है। सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…. शराब पीने के लिए अहाता खोलने को कहा मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के इटावा के रहने वाले आदेश यादव (30) के तौर पर हुई। सेक्टर-3 स्थित अहाते पर पिछले एक साल से मैनेजर था। मंगलवार रात करीब 12 बजे अहाते के पास बने कम्युनिटी सेंटर में शादी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान शादी समारोह में शामिल दो-तीन युवक अहाते के पास पहुंचे और वहां मौजूद मैनेजर से अहाता खुलवाने की मांग करने लगे। उनका कहना था कि वे अंदर बैठकर शराब पीना चाहते हैं। मैनेजर ने मना किया तो बहस हुई उस समय अहाता बंद हो चुका था। अहाते के अंदर मौजूद मैनेजर आदेश यादव बाहर आए और उन्होंने युवकों से कहा कि अब अहाता बंद हो चुका है और इसे दोबारा नहीं खोला जा सकता। तभी वहां पर आदेश का भाई भी आ गया। इसी बात को लेकर युवकों की आदेश से बहस हो गई और देखते ही देखते बहस झगड़े में बदल गई। शादी से युवकों को बुलाकर हमला किया आदेश के भाई ने बताया कि इसके बाद वे युवक कम्युनिटी सेंटर में चल रहे शादी समारोह में वापस गए और वहां से 15 से 20 अन्य युवकों को भी अपने साथ बुला लाए। आदेश और मैं बचने के लिए भाग गए। मैं आगे निकल गया, लेकिन भाई पीछे रह गया। युवकों ने आदेश को पकड़कर हमला कर दिया। मैनेजर की मौके पर ही मौत हुई युवक ने बताया कि उन्होंने लाठी-डंडों और पत्थरों से आदेश पर ताबड़तोड़ वार किए। वह उसे तब तक मारते रहे, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। उनके शरीर के सभी हिस्सों पर गंभीर चोटें थीं। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। इसके बाद हमने पुलिस को घटना की सूचना दी।