थाने की दूसरी मंजिल से व्यक्ति ने लगाई छलांग:पारिवारिक विवाद, पानीपत पुलिस की प्रताड़ना से परेशान, रोहतक PGI में भर्ती; हालत गंभीर

Spread the love

पानीपत शहर के चांदनीबाग थाने में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पूछताछ के लिए बुलाए गए एक युवक ने थाने की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में भी इलाज के दौरान उसकी हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। मामले में पीड़ित की पत्नी ने दो पुलिसकर्मियों और परिवार के सदस्यों पर मानसिक प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। जिसकी शिकायत महिला चांदनीबाग थाना में ही दी है। पारिवारिक विवाद, पूछताछ के लिए बुलाया था थाने जानकारी देते हुए अनीता निवासी गांव ऊझा ने बताया कि उसके पति जितेन्द्र को 13 अप्रैल को चांदनीबाग थाने में बुलाया गया था। जितेन्द्र के पिता ने पारिवारिक विवाद को लेकर थाने में एक दरख्वास्त दी थी, जिसकी जांच के सिलसिले में पुलिस ने उसे फोन किया था। थाना परिसर में ही सुसाइड का प्रयास जितेन्द्र की पत्नी अनीता ने थाना प्रभारी को दी शिकायत में बताया कि जब उसके पति थाने पहुंचे, तो वहां पहले से ही परिवार के अन्य लोग बड़ी संख्या में मौजूद थे। आरोप है कि वहां मौजूद परिजनों और पुलिसकर्मियों ने जितेंद्र पर अनावश्यक दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसी मानसिक तनाव और प्रताड़ना के चलते जितेन्द्र ने थाना परिसर में ही दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। पुलिसकर्मियों पर धमकाने का आरोप अनीता ने अपनी शिकायत में विशेष रूप से दो पुलिसकर्मियों का जिक्र किया है। शिकायत के अनुसार, एक पुलिसकर्मी जिसका नाम ‘ दिनेश संधु’ बताया गया है और एक अन्य भारी शरीर वाले पुलिसकर्मी ने जितेंद्र की बात सुनने के बजाय उसे लगातार धमकाया और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। पत्नी का आरोप है कि इसी प्रताड़ना से तंग आकर उसके पति ने यह खौफनाक कदम उठाया। ससुराल पक्ष के 5 लोगों के खिलाफ शिकायत पीड़िता ने पुलिसकर्मियों के साथ-साथ परिवार के सदस्यों रूप चंद, सतपाल, रामरती, विकास और मोनू के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अनीता का कहना है कि इन सभी ने मिलकर उसके पति को आत्महत्या के लिए मजबूर किया है। मामले की जांच में जुटी पुलिस घटना के बाद पुलिस विभाग में भी खलबली मची हुई है। थाना परिसर में हुई घटना की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से पड़ताल की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज व गवाहों के आधार पर तथ्यों की पुष्टि की जाएगी।