कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद में अनाज की बोरियां गिरने से एक महिला की मौके पर मौत हो गई। महिला गेहूं के रैक के पास ही काम कर रही थी। आसपास के लोगों ने उसे बोरियों के नीचे से निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक महिला की पहचान हसीना खातून (27) निवासी बिलासपुर जिला यमुनानगर के रूप में हुई है। अभी हसीना अपने 4 बच्चे और पति राहुल कुमार के साथ शाहाबाद की अटारी कॉलोनी में रह रही थी। हसीना अनाज मंडी शाहाबाद में 103 नंबर दुकान पर झाड़ू-पोछा लगाने का काम करती थी। अनाज इकट्ठा करने गई थी राहुल कुमार ने पुलिस को बताया कि गेहूं का सीजन चल रहा है, इसलिए उसकी पत्नी हसीना खातून अनाज मंडी में गेहूं इकट्ठा करने चली गई थी। वह मंडी में गेहूं के रैक के पास काम कर रही थी। तभी अचानक बोरी का ढेर उनके ऊपर गिर पड़ा और हसीना उन बोरियों के नीचे दब गई। सिर और माथे पर लगी चोट बोरियां गिरने से उसके सिर और माथे पर गहरी चोट आई। घटना इतनी तेजी से हुई कि कोई समझ पाता उसकी पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। आसपास काम कर रहे मजदूरों ने उसे बाहर निकाला और डायल-112 को मौके पर बुलाया। पुलिस ने पति के बयान दर्ज किए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
कुरुक्षेत्र में गेहूं की बोरियां गिरने से महिला की मौत:अनाज मंडी में फसल इकट्ठा करने गई थी; चार बच्चों की मां
