यूपी में आज से प्री-मानसून बारिश, 35 शहरों में अलर्ट:इटावा में 100 की स्पीड से तूफान, टिनशेड उड़कर महिला पर गिरा, बाल-बाल बची

Spread the love

यूपी में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है। वहीं, पूर्वी-पश्चिमी तराई वाले इलाकों में आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। बुधवार तड़के नोएडा-गाजियाबाद और संभल में तेज हवा के साथ बारिश हुई। बाकी शहरों में सुबह से तेज धूप है। उमस भरी गर्मी का एहसास हो रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 35 शहरों में आंधी-बारिश और 17 जिलों में हीटवेव (लू) का अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक, आज से प्रदेश में प्री-मानसून की बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। कल यानी 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव होगा। इससे प्री-मानसून जोर पकड़ेगा। लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इससे पहले, मंगलवार को लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, इटावा और आगरा में आंधी-तूफान आया। जोरदार बारिश हुई। आंधी-बारिश से जुड़ी घटनाओं में सीतापुर, इटावा और फिरोजाबाद में एक-एक की मौत हो गई। चित्रकूट में श्यामाप्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। इटावा में 100 किमी/घंटे की रफ्तार से आए तूफान में टिनशेड उड़कर एक महिला की गर्दन तक पहुंच गया। गनीमत रही कि उसने किसी तरह अपने हाथों से टिनशेड को रोका और जान बचाई। पिछले 24 घंटे की बात करें तो बांदा प्रदेश में सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 45°C रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें तो आजमगढ़ में पारा सबसे कम 23.5°C तक पहुंचा। अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम? जानिए- लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया- यूपी में मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। कहीं लू चल रही है तो कहीं आंधी-बारिश हो रही है। कल यानी 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे प्री-मानसून की गतिविधियों में तेजी आएगी। 15-16 जून आंधी-तूफान और बारिश का सिलसिला चलता रहेगा। मानसून अपने तय समय यानी 20 जून तक एंट्री करेगा। 10 दिन के अंदर पूरे यूपी पर छा जाएगा। आपके शहर में गर्मी से राहत कबसे मिलने लगेगी, मानसून कब तक आ जाएगा? जानने के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए-