कैथल हादसे ने छीना पांच बच्चों से पिता का साया:एक बच्चा अपाहिज, बेटियों की शादी के लिए जुटा रहा था धन

Spread the love

कैथल जिले के राजौंद कस्बे में सड़क हादसे में दो व्यक्तियों की मौत और सात लोगों के घायल होने के मामले में ग्रामीणों से पूछताछ के दौरान कई अहम बातें सामने आई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि हादसे में मृतक सुनील कुमार के परिवार में पांच बच्चे हैं। करीब 25 साल पहले उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद पहले बेटा हुआ, लेकिन वह चलने फिरने में सक्षम नहीं है। उसके बाद तीन बेटियां लगातार हुई और उनके बाद एक बेटा हुआ। ऐसे में अपाहिज बच्चे समेत पांच बच्चों के सर से पिता का साया उठ गया। परिवार से की थी बातचीत हादसे में घायल कुलदीप व प्रवीन ने बताया कि परिवार में सुनील अकेला कमाने वाला था। सुनील अक्सर जिक्र करता रहता था कि दिहाड़ी मजदूरी करके बेटियों की शादी के लिए दो पैसे जोड़ेगा, लेकिन उसकी मौत के बाद परिवार के अरमानों पर पानी फिर गया। रात को जिस समय वे असंध से चले, तब भी सुनील ने उनके सामने परिवार से बात की थी कि वे असंध से चल पड़े हैं। परिवार सो जाए, जल्द ही वे गांव पहुंचकर दरवाजा खुलवा लेंगे। पत्नी व बच्चे अपने पिता के आने का इंतजार कर रहे थे। बच्चों का भविष्य बनाने का प्रयास दूसरी ओर शमशेर ने पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। उसके परिवार में दो बेटे हैं। दोनों इस समय पढ़ाई कर रहे हैं। प्रवीन ने बताया कि शमशेर दिहाड़ी मजदूरी करके अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने का प्रयास कर रहा था। वह कहता था कि उनकी उम्र मेहनत मजदूरी में निकल रही है, लेकिन बच्चों को शिक्षित कर अच्छा भविष्य देंगे, लेकिन उनके सपने धरे रह गए। राजौंद पुलिस लगातार आरोपी कार ड्राइवर की तलाश कर रही है, जिसने ऑटो को गाड़ी की टक्कर मारी थी। पुलिस ने उसे जल्द पकड़ने का दावा किया है। राजौंद थाना के जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने गाड़ी के ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। यहां जानिए क्या है पूरा मामला बता दें कि कैथल में एक कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। घटना के बाद ड्राइवर कार मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। घायलों को कैथल के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऑटो सवार लोग सोमवार को सेरधा गांव से करनाल के असंध में तूड़ी ढोने का काम करने के लिए गए थे। देर रात वहां से लौटते समय राजौंद के पास हादसा हो गया। इसमें सेरधा गांव निवासी सुनील (50) और शमशेर (45) की मौत हुई। घायलों में बलकार, पवन, कुलदीप, राजेश, नवाब सिंह, जॉनी और प्रवीन शामिल हैं।