हरियाणा में गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को दिन का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। प्रदेश में सबसे ज्यादा 39.4°C तापमान फरीदाबाद में दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान में औसतन 2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश के 7 शहरों में तापमान 38 डिग्री से ऊपर चला गया, इनमें हिसार (38.8°C), भिवानी (39.0°C), गुरुग्राम (39.0°C), फरीदाबाद (39.4°C), सिरसा (38.9°C), सोनीपत (38.5°C) और रोहतक (38.5°C) शामिल हैं। साफ है कि अब गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार 16 अप्रैल तक मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 17 और 18 अप्रैल को कुछ जिलों में आंधी (30-40 किमी/घंटा), गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है। पश्चिमी और दक्षिणी हरियाणा में इसका ज्यादा असर दिख सकता है। दिन के साथ रातें भी गर्म प्रदेश में दिन के साथ अब रात का तापमान भी बढ़ने लगा है। नारनौल में न्यूनतम तापमान 21.5°C, भिवानी में 21.0°C और भिवानी में 21.5°C दर्ज किया गया। हालांकि करनाल में सबसे कम 15.6°C तापमान रहा। औसतन न्यूनतम तापमान में करीब 0.9 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। एचएयू, हिसार ने किसानों को सलाह दी है कि गेहूं की कटाई सुबह-शाम करें। तेज हवा और बारिश की संभावना को देखते हुए फसल को सुरक्षित रखें। पशुओं को धूप से बचाएं और पानी की पर्याप्त व्यवस्था करें। सब्जियों व फलों की फसलों में जरूरत के अनुसार सिंचाई जारी रखें। एचएयू ने जारी की एडवाइजरी कृषि मौसम विज्ञान विभाग, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 20 अप्रैल तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा। 15 और 16 अप्रैल को मौसम पूरी तरह साफ और खुश्क रहेगा, जिससे तापमान में और बढ़ोतरी देखी जा सकती है। 17 और 18 अप्रैल को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। साथ ही राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने के कारण मौसम का मिजाज बदलेगा। इस बदलाव के चलते राज्य में आंशिक बादलवाई, हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी होने की संभावना है।
हरियाणा के 7 शहरों में पारा 38°C के पार:17-18 अप्रैल को आंधी-बारिश के आसार, रातें भी हुई गर्म; किसानों को सलाह
