कमल दीवान पर 9.5 करोड़ संपत्ति व 8 करोड़ कर्ज:सोनीपत में दीवान परिवार के पास सोना ज्यादा आगे; चांदी में राजीव जैन का पलड़ा भारी

Spread the love

सोनीपत नगर निगम मेयर चुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी राजीव जैन द्वारा शुक्रवार को नामांकन के दौरान दाखिल किए गए एफिडेविट ने उनकी आर्थिक स्थिति, पारिवारिक आय, चल-अचल संपत्तियों और देनदारियों की पूरी तस्वीर साफ कर दी है। जहां उपचुनाव की तुलना में इस बार सोना कम और चांदी की मात्रा में बढोतरी हुई है।
चुनावी पारदर्शिता के तहत दाखिल इस शपथ पत्र में जहां एक ओर उनकी और उनके परिवार की आय के स्रोतों का उल्लेख है, वहीं दूसरी ओर संपत्ति और बैंक लोन जैसी वित्तीय जिम्मेदारियों का भी खुलासा किया गया है। खास बात यह है कि राजीव जैन ने अपने खिलाफ किसी भी आपराधिक मामले से साफ इनकार किया है।
आय और टैक्स रिटर्न का पूरा विवरण एफिडेविट के अनुसार राजीव जैन ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए अपना आयकर रिटर्न दाखिल किया है, जिसमें उनकी कुल आय 7,45,320 रुपये दर्शाई गई है। उनकी पत्नी कविता जैन की आय 17,53,020 रुपये बताई गई है। परिवार के अन्य सदस्य दिव्यांक जैन की आय 6,64,370 रुपये दर्ज है, जबकि एक अन्य आश्रित की आय लागू नहीं बताई गई। कोई आपराधिक मामला नहीं राजीव जैन ने स्पष्ट रूप से घोषित किया है कि उनके खिलाफ कोई भी आपराधिक मामला लंबित नहीं है। एफिडेविट में उन्होंने “नॉट एप्लिकेबल” लिखते हुए यह जानकारी दी, जो उनके चुनावी प्रोफाइल को साफ-सुथरा दर्शाने की दिशा में अहम माना जा रहा है। चल संपत्ति: नकदी, निवेश और वाहन राजीव जैन के पास लगभग 1.97 लाख रुपये नकद हैं, जबकि उनकी पत्नी के पास 1.58 लाख रुपये नकद हैं। निवेश के रूप में उन्होंने विभिन्न वित्तीय साधनों में करीब 52.78 लाख रुपये लगाए हैं। पत्नी के नाम पर यह निवेश लगभग 39 लाख रुपये से अधिक है।

इसके अलावा कंपनी लॉर्ड बाहुबली बिल्डवेल प्राइवेट लिमिटेड में भी निवेश दर्शाया गया है। वाहन के रूप में राजीव जैन के पास लगभग 3 लाख रुपये मूल्य का वाहन है।
सोना-चांदी के रूप में उनके पास 50 ग्राम सोना और 4 किलो चांदी सहित अन्य कीमती आभूषण हैं, जबकि पत्नी और आश्रितों के पास भी अलग-अलग मात्रा में ज्वेलरी दर्ज है। राजीव के पास 2 हथियार (₹1.10 लाख) हैं।
वहीं पिछले साल हुए निगम उपचुनाव के दौरान राजीव जैन और उनकी पत्नी कविता जैन के पास कुल 190 ग्राम सोना और 3 किलो चांदी था। इस साल मेयर चुनाव में उनके पास सोना कम हो गया है और एक किलो चांदी की बढ़ोतरी हुई।
उपचुनाव में राजीव जैन के पास 1.98 लाख और कविता जैन के पास 1 लाख 94 हजार 300 रू कैश थे। जहां मेयर चुनाव में राजीव के पास कैश में एक हजार की बढोतरी हुई है तो उनकी पत्नी के पास घटकर 36 हजार 300 रू कैश रह गए हैं। अचल संपत्ति: मकान और हिस्सेदारी एफिडेविट के मुताबिक राजीव जैन और उनके परिवार के पास सोनीपत के सेक्टर-15 सहित अन्य क्षेत्रों में कई आवासीय संपत्तियां हैं। इनमें कुछ संपत्तियों में 50% हिस्सेदारी भी दर्शाई गई है।
इन संपत्तियों की वर्तमान बाजार कीमत करोड़ों रुपये में आंकी गई है। सेक्टर-15 में स्थित मकानों की कीमत लगभग 1.30 करोड़ से 1.50 करोड़ रुपये तक बताई गई है, जबकि राठधना रोड और इंदिरा कॉलोनी में स्थित संपत्तियों की कीमत भी लाखों में दर्शाई गई है। देनदारियां: बैंक लोन का बोझ राजीव जैन पर कोई व्यक्तिगत लोन नहीं है, लेकिन उनकी पत्नी पर बैंक लोन दर्ज है।सोनीपत अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक से करीब 73.43 लाख रुपये का हाउस लोन और पंजाब नेशनल बैंक से लगभग 49.07 लाख रुपये का एजुकेशन लोन लिया हुआ है। इस तरह परिवार पर कुल मिलाकर 1 करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी दर्ज की गई है। वहीं मेयर उपचुनाव-2025 में वहीं राजीव जैन की पत्नी कविता जैन पर 76 लाख का हाउस लोन और बेटे पर 51 लाख रुपए का एजुकेशन लोन था। पेशा और आय के स्रोत एफिडेविट में राजीव जैन ने अपना पेशा “राजनीति” बताया है। उनकी पत्नी पूर्व कैबिनेट मंत्री रह चुकी हैं और वर्तमान में पेंशन प्राप्त करती हैं। परिवार के अन्य सदस्यों की आय का स्रोत वेतन बताया गया है।राजीव जैन ने वर्ष 1984 में महर्षि दयानन्द यूनिवर्सिटी से बी.कॉम (बैचलर ऑफ कॉमर्स) की डिग्री हासिल की है।

अब कांग्रेस प्रत्याशी कमल दीवान की संपति जानकारी जानिए…
कांग्रेस प्रत्याशी कमल दिवान और निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. कमलेश कुमार सैनी के आंकड़ों ने मतदाताओं का ध्यान खींचा है। करोड़ों की संपत्ति और भारी बैंक लोन के बीच यह चुनाव अब आर्थिक ताकत का भी मुकाबला बनता दिख रहा है।
कमल दिवान के पास करोड़ों की संपत्ति, भारी कर्ज भी
कांग्रेस प्रत्याशी कमल दिवान के पास करीब 9.50 करोड़ रुपए की कुल संपत्ति है। हालांकि उनके ऊपर 6.62 करोड़ रुपए से लेकर करीब 8.27 करोड़ रुपए तक की देनदारी भी दर्ज है। विभिन्न बैंकों से लिए गए लोन उनकी वित्तीय स्थिति का बड़ा हिस्सा हैं।
उपचुनाव के बाद संपत्ति में जबरदस्त बढ़ोतरी
पिछले उपचुनाव के मुकाबले कमल दिवान की संपत्ति में बड़ा इजाफा हुआ है। पहले उनकी चल संपत्ति 2.88 करोड़ रुपए थी, जो अब बढ़कर करीब 6.62 करोड़ रुपए हो गई है। वहीं उनकी पत्नी की संपत्ति 1.55 करोड़ से बढ़कर 2.49 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है।
बैंक खातों में करोड़ों, कैश और टैक्स का ब्यौरा
कमल दिवान के पास करीब 1.50 लाख रुपए नकद हैं। उनके 9 बैंक खातों में लगभग 2.73 करोड़ रुपए जमा हैं। उन्होंने 22,18,040 रुपए इनकम टैक्स के रूप में भुगतान किया है।
वहीं उनकी पत्नी के पास करीब 1.15 लाख रुपए नकद और बैंक खातों में करीब 17.11 लाख रुपए जमा हैं। उन्होंने करीब 3.80 लाख रुपए टैक्स चुकाया है।
लक्जरी गाड़ियों का कलेक्शन
कमल दिवान के पास कई महंगी गाड़ियां हैं, जिनमें Toyota Vellfire, Mercedes-Benz और Mahindra Thar शामिल हैं।
कमल दिवान के पास करीब 500 ग्राम सोना है। उनकी पत्नी के पास भी 500 ग्राम सोना और लगभग 3 किलो चांदी है, जो उनकी कुल संपत्ति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
निर्दलीय डॉ. सैनी की सीमित संपत्ति
निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. कमलेश कुमार सैनी के पास कुल 39.87 लाख रुपए की चल संपत्ति है। उनके पास करीब 70 हजार रुपए नकद और बैंक में लगभग 1 लाख रुपए जमा हैं। इसके अलावा उन्होंने करीब 21 लाख रुपए निवेश किए हुए हैं।
एक करोड़ का बैंक लोन
डॉ. सैनी पर करीब 1 करोड़ रुपए का बैंक लोन है, जो उनकी आर्थिक स्थिति का अहम पहलू है।
डॉ. सैनी के पास करीब 10 तोले सोना है, जबकि उनकी पत्नी के पास करीब 20 तोले सोना है। पत्नी के बैंक खाते में करीब 2 लाख रुपए जमा हैं।
राजीव जैन और कमल दीवान में कौन अमीर और किस पर कितना कर्ज?
कांग्रेस प्रत्याशी कमल दिवान और भाजपा उम्मीदवार राजीव जैन की संपत्ति की तुलना करें तो कमल दिवान आर्थिक रूप से काफी आगे नजर आते हैं। दिवान परिवार के पास करीब 1 किलो सोना (खुद और पत्नी मिलाकर) और लगभग 3 किलो चांदी है, जबकि राजीव जैन परिवार के पास कुल मिलाकर करीब 200 ग्राम के आसपास सोना और लगभग 5 किलो चांदी है—यानी सोने में दिवान आगे हैं, जबकि चांदी में जैन परिवार थोड़ा आगे दिखता है।
कुल संपत्ति के मामले में भी कमल दिवान करीब 9.50 करोड़ रुपए के साथ राजीव जैन (करीब 2.5–3 करोड़ रुपए) से कई गुना ज्यादा संपन्न हैं।
वहीं कर्ज के मोर्चे पर स्थिति उलट है।
कमल दिवान पर करीब 6.62 से 8.27 करोड़ रुपए तक का भारी कर्ज दर्ज है, जबकि राजीव जैन पर कोई सीधा कर्ज नहीं है। हालांकि उनके परिवार में उनकी पत्नी के नाम पर करीब 1.22 करोड़ रुपए (हाउस और एजुकेशन लोन) की देनदारी है। यानी साफ है कि संपत्ति में कमल दिवान आगे हैं, लेकिन कर्ज के मामले में राजीव जैन की स्थिति ज्यादा संतुलित और कम जोखिम वाली मानी जा सकती है।