उज्जैन के सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय में सोमवार (4 मई) को बीकॉम परीक्षा में पकड़ाई छात्रा को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। माधव नगर पुलिस ने जांच में सामने आया है कि पकड़ी गई युवती खुद JEE जैसी कठिन परीक्षा पास कर चुकी है। अभी वह उज्जैन के गवर्मेंट इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रही है। खास बात यह है कि मंगलवार को उसका खुद का बीटेक का पेपर था, लेकिन उससे एक दिन पहले वह दूसरी छात्रा की जगह बीकॉम की परीक्षा देने पहुंच गई। लेकिन, इस दौरान एनएसयूआई नेता तरुण परिहार ने शिकायत कर दी। इसके बाद यूनिवर्सिटी के वाघ देवी भवन में चल रही बीकॉम छठवें सेमेस्टर की परीक्षा में जांच की गई। यहां सपना भदौरिया की जगह इंदौर निवासी विशाखा माहेश्वरी परीक्षा देती मिली। फोटो मिलान कराने पर पता चला कि परीक्षा दे रही युवती असली छात्रा नहीं है। इसके बाद उसे परीक्षा नियंत्रक कक्ष में बैठाकर पूछताछ की गई। सूचना मिलने पर कुलगुरु अर्पण भारद्वाज भी पहुंचे और कार्रवाई के निर्देश दिए। कहा- दोस्त की बहन की जगह आई हूं शुरुआती पूछताछ में आरोपी युवती ने अपना नाम प्रिशा साहू निवासी यादव नगर, इंदौर बताया। उसने खुद को इंदौर के एक निजी कॉलेज की बीटेक छात्रा बताया और कहा कि वह दोस्त की बहन की जगह परीक्षा देने आई थी। हालांकि, पुलिस की सख्ती के बाद उसने अपना असली नाम विशाखा माहेश्वरी बताया, जो उज्जैन के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ाई करती है। दो किस्तों में लिए 3 हजार रुपए पुलिस जांच में सामने आया कि सपना भदौरिया ने विशाखा से कहा था कि वह पहले भी तीन बार दूसरे लोगों से परीक्षा दिलवा चुकी है और कभी पकड़ी नहीं गई। इसके बाद विशाखा तैयार हो गई। परीक्षा देने के एवज में भूमि काकड़े नाम की युवती ने उसे पहले 1000 और बाद में 2000 रुपए दिए। इस तरह उसे कुल 3 हजार रुपए एडवांस मिले थे। गिरोह की जांच में जुटी पुलिस माधव नगर थाना पुलिस ने विशाखा माहेश्वरी, सपना भदौरिया और ऋषभ नामक युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी गजेंद्र पचोरिया के मुताबिक, मामले में संगठित गिरोह की आशंका को देखते हुए जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी पहले किसी अन्य परीक्षा में भी इसी तरह की गतिविधियों में शामिल रहे हैं या नहीं।
उज्जैन में JEE पास आउट युवती ₹3000 में बनीं सॉल्वर:अगले दिन खुद का था बीटेक का पेपर, बोली- फ्रेंड की बहन की जगह आई हूं
