महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में गांव बलाहां कलां में नाली के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। झगड़े में पंचायत समिति चेयरमैन पर भी राड से मारने का आरोप लगा है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घटना की शुरुआत गांव में बन रही नाली को लेकर हुई। एक पक्ष का आरोप है कि नाली उनके प्लॉट के अंदर से निकाली जा रही थी, जिसका विरोध करने पर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान नाली तोड़ने को लेकर कहासुनी हुई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। चेयरमैन ने किया हमला बलाहां कलां के घायल सतीश ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान प्रदीप नामक सरकारी टीचर ने उस पर चाकू से हमला किया, जिससे उनकी छाती पर गंभीर चोटें आईं। उसने आरोप लगाया कि पंचायत समिति के चेयरमैन पंकज मौके पर पहुंचे और उनके हाथ में लोहे का सरिया था, जिससे उन पर हमला किया गया। पीड़ित का कहना है कि हमलावरों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जिसके चलते वह घर के अंदर बंद हो गए। बाद में पुलिस के आने पर ही उन्होंने दरवाजा खोला। सतीश ने बताया कि उन्होंने 112 नंबर पर कॉल कर मदद मांगी, जिसके बाद एम्बुलेंस से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। नई बनी नाली को तोड़ दिया वहीं दूसरे पक्ष के प्रदीप कुमार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि जब वह स्कूल से घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि नई बनी नाली को तोड़ दिया गया है। पूछने पर सामने वाले पक्ष सतीश ने बदसलूकी की और उन पर हमला कर दिया। प्रदीप के अनुसार, उन्हें धक्का देकर तारबंदी में गिराया गया, जिससे उन्हें चोटें आईं। उन्होंने कहा कि मौके पर किसी के पास चाकू या अन्य हथियार नहीं था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने उन पर डीजल जैसा तरल पदार्थ फेंका और लकड़ी के डंडे से हमला किया। चेयरमैन भी हुए घायल पंचायत समिति के चेयरमैन पंकज ने बताया कि गांव में विकास कार्य के तहत नाली (खाबड़ी) का निर्माण चल रहा था। शाम को सतीश नाम के युवक ने नाली तोड़ दी, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि मजदूरों के फोन पर वह मौके पर पहुंचे, जहां पहले से झगड़ा चल रहा था। उनके अनुसार, सतीश और उसके परिजनों ने उन पर भी हमला कर दिया, जिसमें उनकी उंगली में फ्रैक्चर हो गया। चेयरमैन ने तेजधार हथियार से हमले के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि चोटें तारबंदी में गिरने से लगी होंगी और मौके पर कोई हथियार इस्तेमाल नहीं हुआ। जांच के बाद होगी कार्रवाई मामले को लेकर सदर थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुलिस टीम अस्पताल पहुंचकर दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नारनौल में चेयरमैन ने पड़ोसी पर राड से किया हमला:नाली के निर्माण को लेकर झगड़ा; टीचर ने भी किए चाकू से वार
