गुरुग्राम में ग्वाल पहाड़ी इलाके में राह चलती दो बहनों के साथ बाइक सवार युवक द्वारा बदतमीजी करने का मामला सामने आया है। युवतियों के विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और अपने जानकारों को बुलाकर लाठी-डंडों से मारपीट कर दी, जिससे दोनों बहनों को चोटें आईं। शिकायतकर्ता युवती ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले की रहने वाली हैं और गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में नौकरी करती हैं। वह बंधवाड़ी क्षेत्र के पास रहती हैं। बुधवार शाम करीब 6 बजे वह अपनी छोटी बहन के साथ कमरे पर लौट रही थीं। बाइक सवार युवक ने की बदतमीजी जब वे सौर ऊर्जा स्टेशन के पास पहुंचीं, तो एक बाइक सवार युवक ने उनके साथ बदतमीजी शुरू कर दी। विरोध करने पर युवक भड़क गया और उसने अपने साथियों को फोन पर बुला लिया। आरोपियों ने दोनों बहनों पर लाठियां बरसाईं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। युवक बोला-किसी और ने बदतमीजी की युवती ने बताया कि बिना वजह हमें इस तरह पीटा गया जैसे हम कोई अपराधी हों। महिलाओं की सुरक्षा के लिए सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। आरोपी पक्ष का दावा है कि किसी और युवक ने उनको देखकर आवाज लगाई थी और उन पर गलत आरोप लगाया जा रहा है। हालांकि, पीड़ितों का कहना है कि यह स्पष्ट बदतमीजी और हमला था। पुलिस जांच कर रही इस बारे में जांच अधिकारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान लेने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
गुरुग्राम में 2 बहनों से मारपीट:ड्यूटी से कमरे पर पैदल लौट रही थी, बदतमीजी का विरोध करने पर हमला
