कोर्ट के बाहर हिस्ट्रीशीटर की गोलियां मारकर हत्या:सोनीपत में पेशी पर आया था, बदमाशों ने गाड़ी से टक्कर मारी; युवक पर 25 से ज्यादा केस

Spread the love

हरियाणा के सोनीपत में शनिवार को खरखौदा कोर्ट के बाहर एक हिस्ट्रीशीटर की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। युवक पेशी के लिए आया था। यहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में गाड़ी से युवक की गाड़ी को टक्कर मारकर उसे रोका और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान झज्जर के दूबलधन गांव निवासी नीरज उर्फ कातिया के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक नीरज पर दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में हत्या, रंगदारी, अपहरण और आर्म्स एक्ट समेत 25 से ज्यादा केस दर्ज थे। पत्नी ने दर्ज करा रखा है केस नीरज उर्फ कातिया फिलहाल गुरुग्राम के सेक्टर-37C में रहता था। पुलिस के मुताबिक, नीरज की पत्नी नीतू ने उस पर 2019 में घरेजू हिंसा, दहेज और मारपीट का केस दर्ज कराया था। इसी केस की पेशी के लिए नीरज शनिवार को खरखौदा कोर्ट पहुंचा था। SDM ऑफिस के बाहर थे बदमाश पुलिस जांच में पता चला है कि जैसे ही नीरज कोर्ट से निकलकर SDM ऑफिस के पास पहुंचा तो 3-4 हमलावरों ने उसकी गाड़ी पर हमला कर दिया। हमलावर एक ब्रेजा गाड़ी में आए थे। उन्होंने पहले नीरज की गाड़ी को टक्कर मारकर रोका और फिर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। सिर और मुंह पर गोलियां लगने से मौके पर मौत हमलावरों ने नीरज के सिर और मुंह पर कई गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमला इतनी जल्दी हुआ कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हमलावर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुरानी रंजिश में हत्या का शक शुरुआती जांच में पुलिस को लग रहा है कि यह हत्या पुरानी रंजिश या आपसी झगड़े की वजह से हुई है। जिस तरह से हमलावरों ने योजना बनाकर हमला किया, उससे लगता है कि हत्या की साजिश पहले से ही रची गई थी। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है और मामले की जांच कर रही है। 2023 में दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़ा था 5 मार्च 2023 की रात दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गैंगस्टर नीरज उर्फ कातिया को कुतुब मीनार मेट्रो स्टेशन के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस को सूचना मिली थी कि बदमाश नीरज अपने साथियों से मिलने वहां आने वाला है। देर रात जैसे ही पुलिस ने उसे घेरने की कोशिश की तो उसने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। दोनों तरफ से करीब दो-दो राउंड फायर हुए, लेकिन किसी को गोली नहीं लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। उसके पास से सेमी ऑटोमैटिक पिस्टल और कारतूस बरामद किए गए।