फरीदाबाद शहर के प्रजनन एवं स्वास्थ्य शिशु केंद्र FRU-2 में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। नर्सिंग स्टाफ के समय पर न पहुंचने के कारण एक गर्भवती महिला की डिलीवरी अस्पताल के अंदर नहीं, बल्कि अस्पताल के पार्किंग स्थल में ही करवानी पड़ी। यह घटना 15-16 की रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, चमन चंदीला रात करीब 1:30 बजे अपने ताऊ के बड़े बेटे की पत्नी बलेश को डिलीवरी के लिए FRU-2 स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि जब वे अस्पताल पहुंचे, तो मुख्य गेट बंद था और इमरजेंसी वार्ड में भी कोई स्टाफ मौजूद नहीं मिला। महिला को तेज दर्द हो रहा था और वह चलने की स्थिति में नहीं थी। ऐसे में परिजन खुद ही व्हीलचेयर लेकर पहुंचे, लेकिन काफी देर तक कोई नर्स या डॉक्टर नहीं मिला। अस्पताल का कोई स्टाफ नहीं पहुंचा चमन चंदीला ने बताया कि उनके साथ उनकी मां भी मौजूद थीं। जब काफी देर तक अस्पताल का कोई स्टाफ नहीं पहुंचा और महिला की हालत गंभीर होने लगी तो मजबूरी में उनकी मां को ही पार्किंग स्थल में डिलीवरी करवानी पड़ी। परिवार का कहना है कि अगर उस समय डिलीवरी नहीं करवाई जाती तो मां और बच्चे दोनों की जान खतरे में पड़ सकती थी। मां ने कराई डिलीवरी महिला के पति देवेंद्र चंदीला ने भी अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनकी छोटी मां समय पर डिलीवरी नहीं करवातीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। उनका कहना है कि यह पूरी घटना अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ की लापरवाही का परिणाम है। क्रिटिकल पोजीशन में आई थी महिला- डॉ. रचना डिप्टी सिविल सर्जन एनएचएम डॉ. रचना ने कहा कि सेक्टर 3 स्थित प्रजनन एवं स्वास्थ्य केंद्र fru2 में एक महिला की पार्किंग में डिलीवरी का मामला संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि महिला क्रिटिकल पोजीशन में अस्पताल में आई थी। परिवार के लोग स्टाफ नर्स को बुलाने के लिए ऊपर गए थे और उनको आने में 5-7 मिनट लग गए थे, क्योंकि वह अपना ग्लास और इक्विपमेंट ले रही थी। इसी दौरान पार्किंग में महिला के डिलीवरी हो गई, लेकिन फिर भी स्टाफ नर्स जो भी कार्य था। वहां पर उन्होंने किया और वहां से माता और शिशु को वार्ड में लाकर भर्ती किया है और इसमें जो भी किसी की लापरवाही सामने आएगी उसे पर कार्रवाई की जाएगी।
सरकारी अस्पताल की पार्किंग में टॉर्च की रोशनी में डिलीवरी:पुरूष के सामने स्टॉफ ने की जांच, इमरजेंसी का गेट मिला बंद; मां ने कराया प्रसव
