लंदन से करनाल पहुंची सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर:वीडियो को लेकर विवाद, बजरंग दल से जुड़े व्यक्ति पर जड़े आरोप; बोलीं- न्याय लेकर ही लौटूंगी

Spread the love

लंदन से भारत पहुंची एक सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर युवती ने करनाल के महिला थाने में शिकायत देकर बजरंग दल से जुड़े एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि उसने एक सोशल मीडिया आईडी रिकवर की थी। जिसके बाद कुछ लोग उसके पीछे पड़ गए और उसे धमकियां दी गईं। मामले में महिला ने साफ किया कि वह समझौता करने नहीं, बल्कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करवाने आई है। युवती कोमल चौधरी ने बताया कि दिसंबर महीने में बजरंग दल के एक व्यक्ति की सोशल मीडिया आईडी सस्पेंड हो गई थी। उसने उस आईडी को रिकवर कर दिया था और इस बात का जिक्र उसने एक इंटरव्यू में भी किया था। इसके बाद बजरंग दल के कुछ सदस्य उसके पीछे पड़ गए और वीडियो हटाने के लिए दबाव बनाने लगे। कोमल का कहना है कि उसने साफ मना कर दिया कि वह कोई वीडियो नहीं हटाएगी। इसके बाद उसे लगातार धमकियां मिलने लगी। मोनी काली रमन पर आरोप युवती ने आरोप लगाया कि बजरंग दल के सदस्य मोनी काली रमन ने लाखू बुआना के एक युवक को उसके खिलाफ गलत प्रचार करने के लिए कहा। उस युवक ने सोशल मीडिया पर उसके खिलाफ वीडियो डाली और उसे धमकी दी कि उसे यूके से निकलवा दिया जाएगा और कहीं भी रहने नहीं दिया जाएगा। युवती ने बताया कि उसने उस युवक को जवाब भी दिया। उसके पास आरोपी का एक वॉइस नोट भी है, जिसमें उसने खुद माना कि यह वीडियो मोनी काली रमन के कहने पर डाली गई थी। माफी मांगने के बाद भी नहीं रुका विवाद कोमल चौधरी ने बताया कि जब उसने युवक को जवाब दिया, तो उसने माफी मांगी और वीडियो हटाने की बात कही। इस पर महिला ने उसे कहा कि वह वीडियो में माफी मांगे। इसके बाद उसने खुद भी वीडियो बनाना और सोशल मीडिया अकाउंट चलाना बंद कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद आरोपी ने उसके खिलाफ फिर से वीडियो बनानी शुरू कर दी। चरित्र पर लगाए गए गलत आरोप युवती ने बताया कि वह पहले हरियाणा में रह चुकी है, मॉडलिंग कर चुकी है और कई गानों में काम भी कर चुकी है। आरोपी ने उसके बारे में गलत बातें फैलानी शुरू कर दीं और आरोप लगाया कि उसके अलग-अलग लड़कों के साथ गलत संबंध हैं। उसने बताया कि जिस मेरठ के लड़के को लेकर उसके खिलाफ आरोप लगाए गए हैं, वह उसका भाई है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर गलत वीडियो डाली गई हैं, जो अभी भी आरोपी के अकाउंट पर मौजूद हैं। एससी-एसटी एक्ट में फंसाने का भी आरोप युवती का कहना है कि उसे पहले से अंदेशा था कि आरोपी उस पर एससी-एसटी एक्ट लगवाएगा, लेकिन उसने कभी कोई जातिसूचक शब्द नहीं बोला। इसके बावजूद आरोपी ने उस पर केस दर्ज करवा दिया। कोमल का कहना है कि यह मामला उल्टा आरोपी पर ही पड़ेगा, क्योंकि उसके पास कोई सबूत नहीं है। न तो कोई गलत वीडियो दिखा पाया है और न ही कोई अन्य प्रमाण दे पाया है। पुलिस कर्मियों से संबंध के भी लगाए आरोप युवती ने यह भी बताया कि आरोपी ने उसके ऊपर यह तक आरोप लगाए कि उसके पुलिस कर्मचारियों के साथ गलत संबंध हैं। उसने इन सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया और कहा कि उसके पास आरोपी के खिलाफ पूरे सबूत मौजूद हैं। डेढ़ लाख की टिकट लेकर भारत आई कोमल चौधरी ने बताया कि वह डेढ़ लाख रुपए की टिकट लेकर लंदन से भारत आई है। उसका बैकग्राउंड साफ है और वह सिर्फ आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करवाने के लिए आई है। उसने कहा कि वह किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी और कानूनी कार्रवाई चाहती है। पुलिस से नहीं मिला रिस्पॉन्स, डीजीपी तक पहुंचा मामला युवती ने बताया कि उसने पहले पुलिस अधिकारियों के कार्यालय में शिकायत दी, लेकिन उसे कोई रिस्पॉन्स नहीं मिला। इसके बाद वह डीजीपी के पास गई, जहां से उसकी शिकायत पर कार्रवाई शुरू हुई और टीम ने उससे संपर्क किया। अब यह मामला महिला थाने में पहुंच चुका है और उसने वहां औपचारिक शिकायत दे दी है। आरोपी ने लोकेशन बताने से किया इनकार युवती के अनुसार जांच अधिकारी ने आरोपी को कॉल किया, लेकिन उसने खुद को जयपुर में बताया। जब उससे लोकेशन मांगी गई तो उसने यह कहकर मना कर दिया कि वह अपनी पर्सनल जानकारी साझा नहीं करता। इस पर जांच अधिकारी ने उसे जवाब दिया कि जब वह दूसरों की निजी बातें सोशल मीडिया पर डाल सकता है, तो अपनी लोकेशन क्यों नहीं बता सकता। 18 मई को लोगों को इकट्ठा करने की अपील कोमल ने बताया कि आरोपी ने कहा था कि वह आएगा, लेकिन उसे शक है कि वह नहीं आएगा। उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो डालकर 18 मई को करनाल में लोगों को इकट्ठा होने के लिए कहा है और लोगों को उसके खिलाफ भड़काने की कोशिश कर रहा है। महिला का कहना है कि वह सिर्फ न्याय चाहती है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल महिला थाना पुलिस ने युवती की शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।