नूंह में मिठाई खाने से 8 बच्चों की तबीयत बिगड़ी:मुंह से झाग निकलने पर अस्पताल में भर्ती, 5 रेफर, मिष्ठान भंडार से खरीदी

Spread the love

नूंह जिले के नगीना थाना क्षेत्र के गांव गंडूरी में शनिवार सुबह मिठाई खाने से आठ बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद बच्चों को तुरंत जिला नागरिक अस्पताल मांडीखेड़ा में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद पांच बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नल्हड़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, गांव गंडूरी निवासी असलम शुक्रवार रात बड़कली चौक स्थित एक मिष्ठान भंडार से चमचम मिठाई खरीदकर घर लाए थे। शनिवार सुबह बच्चों के जागने पर उनकी मां रजीना ने उन्हें यह मिठाई खिलाई। मिठाई खाने के कुछ ही देर बाद बच्चों को उल्टी, घबराहट और मुंह से झाग आने जैसे लक्षण दिखाई देने लगे। 6 बच्चों की हालत गंभीर बीमार बच्चों की पहचान सोफेद 16 वर्ष अजूबा 15वर्ष सोफिया 10वर्ष सनोफिया 8 वर्ष, समर और सनम 4वर्ष समरीन 2वर्ष और रूहान 5 वर्ष के रूप में हुई है। इनमें से दो बच्चों की हालत में सुधार बताया जा रहा है, जबकि छह बच्चों की स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। समर की हालत विशेष रूप से चिंताजनक बताई जा रही है। अस्पताल में सभी का इलाज जारी डॉक्टरों ने सभी बच्चों की मेडिकल लीगल रिपोर्ट (एमएलआर) तैयार कर ली है और उनका इलाज जारी है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है, हालांकि परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। नगीना थाना प्रभारी सचिन ने बताया कि पुलिस मामले का संज्ञान ले रही है और शिकायत मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।